अंकिता भंडारी केस: निजी चैट लीक मामले में जीरो एफआईआर के बाद थाने पहुंचे विनोद आर्य, खुद की गिरफ्तारी और नार्को टेस्ट की उठाई मांग
अंकिता भंडारी केस: निजी चैट लीक मामले में जीरो एफआईआर के बाद थाने पहुंचे विनोद आर्य, खुद की गिरफ्तारी और नार्को टेस्ट की उठाई मांग
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े नए विवाद में जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य गुरुवार को स्वयं देहरादून के राजपुर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ मामला बनता है तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे। इस दौरान विनोद आर्य ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए खुद का नार्को टेस्ट कराने की पेशकश की, साथ ही अंकिता के माता-पिता समेत आरोप लगाने वाले अन्य संबंधित लोगों का भी नार्को टेस्ट कराने की मांग उठाई।
दरअसल, बुधवार शाम अंकिता भंडारी के माता-पिता ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और गणेश गोदियाल सहित कांग्रेस नेताओं के साथ देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) से मुलाकात की थी। इससे पहले वे गांधी पार्क में धरने पर भी बैठे थे। परिजनों ने शिकायत में आरोप लगाया था कि अंकिता की निजी व्हाट्सएप चैट को सार्वजनिक किया गया है। इस शिकायत पर राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई, जिसे आगे की जांच के लिए हरिद्वार नगर कोतवाली स्थानांतरित कर दिया गया है।
तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की अपील
थाने पहुंचे विनोद आर्य ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने की सूचना मिलने पर वे खुद पुलिस के सामने पेश हुए हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाने के लिए तथ्यों के आधार पर बिना किसी पक्षपात के जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

