सैंडपेपरगेट विवाद के बीच पैट कमिंस के समर्थन में उतरे बेन स्टोक्स, कहा- पब्लिक व पर्सनल दबाव से जूझ रहे हैं कंगारू कप्तान
सैंडपेपरगेट विवाद के बीच पैट कमिंस के समर्थन में उतरे बेन स्टोक्स, कहा- पब्लिक व पर्सनल दबाव से जूझ रहे हैं कंगारू कप्तान
नई दिल्ली। बॉल टैंपरिंग के पुराने मामले पर उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘सब्र’ में हुए खुलासों के बाद छिड़े विवाद के बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स ने ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान पैट कमिंस के प्रति हमदर्दी जताई है। एक पॉडकास्ट में मार्क वुड से बातचीत करते हुए स्टोक्स ने कहा कि कप्तान होने के नाते कमिंस पर देश और दुनिया की नजरों का भारी दबाव है, साथ ही उन्हें निजी स्तर पर भी भावनात्मक चुनौतियों व पार्टनर से जुड़ी चिंताओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में कमिंस को लेकर उनका नजरिया मानवीय संवेदनाओं पर आधारित है।
स्टोक्स ने यह भी कहा कि इस प्रकरण की पूरी सच्चाई शायद कभी सामने न आ पाए और इस मामले में अब और अटकलें हवा देने के बजाय रुकना ही खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और उनके परिवारों के हित में है।
क्या है सैंडपेपरगेट विवाद
दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान खेले गए टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट गेंद से छेड़छाड़ करते पकड़े गए थे, जिसके लिए उन पर 9 महीने तथा तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ व उपकप्तान डेविड वॉर्नर पर एक-एक वर्ष का प्रतिबंध लगा था। वर्ष 2021 में बैनक्रॉफ्ट के संकेतों और अब 2026 में उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा में सभी के शामिल होने के दावे के बाद विवाद फिर भड़क उठा है। वॉर्नर ने ख्वाजा की बात का समर्थन किया है, जबकि पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क इन दावों को खारिज कर चुके हैं।

