नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन के साथ आते हैं एयरटेल, जियो और वीआई के ये प्रीपेड रिचार्ज प्लान, 598 रुपये से शुरू होती है कीमत
नेटफ्लिक्स सब्सक्रिप्शन के साथ आते हैं एयरटेल, जियो और वीआई के ये प्रीपेड रिचार्ज प्लान, 598 रुपये से शुरू होती है कीमत
नई दिल्ली। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) पर फिल्में और वेब सीरीज देखने वाले यूजर्स के लिए दूरसंचार कंपनियां एयरटेल, जियो और वोडाफोन आइडिया (Vi) ऐसे प्रीपेड रिचार्ज प्लान पेश कर रही हैं, जिनमें अनलिमिटेड कॉलिंग, दैनिक डेटा और एसएमएस के साथ नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन भी शामिल है। इन प्लान की शुरुआत 598 रुपये से होती है, हालांकि अलग-अलग रिचार्ज के अनुसार इनमें नेटफ्लिक्स मोबाइल (केवल स्मार्टफोन के लिए) या नेटफ्लिक्स बेसिक (टीवी और लैपटॉप सपोर्ट सहित) की सुविधा मिलती है।
एयरटेल के पास नेटफ्लिक्स वाले तीन प्रीपेड विकल्प हैं। इसके 598 रुपये के प्लान में 28 दिन की वैलिडिटी, रोजाना 2GB डेटा, अनलिमिटेड 5G डेटा, 100 एसएमएस प्रतिदिन के साथ नेटफ्लिक्स बेसिक और जियोहॉटस्टार सुपर मिलता है। वहीं, 1,729 रुपये के प्लान में 84 दिन की वैलिडिटी, 2GB दैनिक डेटा, नेटफ्लिक्स बेसिक, 20 से अधिक ओटीटी प्लेटफॉर्म (जियोहॉटस्टार सुपर, जी5 प्रीमियम, एयरटेल एक्सस्ट्रीम प्ले प्रीमियम) और 12 महीने के लिए एडोब एक्सप्रेस प्रीमियम दिया जाता है। एयरटेल के 1,798 रुपये वाले 84 दिन के प्लान में 3GB दैनिक डेटा के साथ नेटफ्लिक्स बेसिक और एडोब एक्सप्रेस प्रीमियम का लाभ मिलता है।
जियो और वीआई के नेटफ्लिक्स बंडल प्लान
रिलायंस जियो 84 दिन की वैलिडिटी वाले दो प्लान पेश करता है। 1,299 रुपये के प्लान में रोजाना 2GB डेटा, अनलिमिटेड 5G, जियोटीवी, जियोएआईक्लाउड और नेटफ्लिक्स मोबाइल सब्सक्रिप्शन मिलता है, जबकि 1,799 रुपये के प्लान में 3GB दैनिक डेटा के साथ नेटफ्लिक्स बेसिक की सुविधा दी जाती है। दूसरी ओर, वोडाफोन आइडिया (Vi) के 1,198 रुपये वाले प्लान में 70 दिन की वैलिडिटी व 2GB दैनिक डेटा तथा 1,599 रुपये वाले प्लान में 84 दिन की वैलिडिटी व 2.5GB दैनिक डेटा के साथ नेटफ्लिक्स बेसिक और हर महीने 2GB तक बैकअप डेटा का लाभ मिलता है।

