खेल

एशिया कप राइजिंग स्टार्स सेमीफाइनल: श्रीलंका ए ने इंडिया ए को 8 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह, जयवर्धने और क्रूसपुले के शतक

एशिया कप राइजिंग स्टार्स सेमीफाइनल: श्रीलंका ए ने इंडिया ए को 8 विकेट से हराकर फाइनल में बनाई जगह, जयवर्धने और क्रूसपुले के शतक

​नई दिल्ली। एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के पहले सेमीफाइनल में गुरुवार को श्रीलंका ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया ए को 8 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया ए ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 317 रन बनाए, जिसके जवाब में श्रीलंका ए ने 41.3 ओवर में 2 विकेट खोकर 318 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका ए खिताबी मुकाबले में पहुंच गई है, जहां उसका सामना पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

​लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए को लसिथ क्रूसपुले और सिनेथ जयवर्धने ने तेज शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 129 गेंदों में 174 रन जोड़े। जयवर्धने ने महज 62 गेंदों में शतक पूरा किया और 70 गेंदों में 105 रन बनाकर शाहबाज अहमद की गेंद पर आउट हुए। इसके बाद क्रूसपुले ने 98 गेंदों में शतक जड़ा और 107 गेंदों में 116 रन बनाकर हर्षित राणा का शिकार बने। निशान मदुश्का के अर्धशतक और कप्तान पवन रत्नायके के नाबाद 31 रनों की मदद से श्रीलंका ने आसानी से जीत दर्ज कर ली, जबकि भारत के लिए हर्षित राणा व शाहबाज अहमद ने एक-एक विकेट लिया।

​अभिषेक, तिलक और शाहबाज के अर्धशतकों से इंडिया ए 317 तक पहुंची

​इससे पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंडिया ए को वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा ने पहले विकेट के लिए 80 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत दी। वैभव 27 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 63 गेंदों में 78 रन की पारी खेली। मध्यक्रम में तिलक वर्मा ने 66 गेंदों में 53 रन बनाए, जबकि शाहबाज अहमद 48 गेंदों में 54 रन बनाकर नाबाद रहे। कुशाग्र ने 21, तनुष कोटियान ने 28 और रिंकू सिंह ने 12 रन का योगदान दिया। श्रीलंका ए की ओर से रविन्दु फर्नांडो, जेनिथ लियानगे और निपुण धनंजय ने दो-दो विकेट चटकाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *