स्पेन के इबीसा तट के पास डीजल से लदा तेल टैंकर पलटा, चालक दल के एक सदस्य की मौत और छह घायल; तेल रिसाव की आशंका
स्पेन के इबीसा तट के पास डीजल से लदा तेल टैंकर पलटा, चालक दल के एक सदस्य की मौत और छह घायल; तेल रिसाव की आशंका
मैड्रिड/इबीसा। स्पेन के प्रसिद्ध पर्यटन द्वीप इबीसा के तट से लगभग 46 किलोमीटर दूर गहरे समुद्र में डीजल ले जा रहा एक तेल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। माल्टा के ध्वज वाले इस जहाज का नाम ‘मेड एमरे’ (Med Emre) है, जिसकी क्षमता करीब सात हजार टन डीजल ले जाने की है। हादसे में चालक दल (क्रू) के एक सदस्य की मौत हो गई है, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय टैंकर पर कुल 17 क्रू सदस्य सवार थे। राहत एवं बचाव दल ने तत्परता दिखाते हुए सभी 17 लोगों को समुद्र से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तबीयत बिगड़ने पर सात सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान एक सदस्य ने दम तोड़ दिया। शेष छह घायल सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं और समुद्र के ठंडे पानी के कारण वे हाइपोथर्मिया की चपेट में आ गए हैं।
तेल रिसाव रोकने और रिकवरी के लिए विशेष जहाज तैनात
टैंकर में भारी मात्रा में डीजल होने के कारण समुद्री पर्यावरण को संभावित नुकसान का आकलन किया जा रहा है। इसके लिए निगरानी विमान के साथ स्पेन की समुद्री बचाव सेवा के विशेष प्रदूषण नियंत्रण जहाज ‘क्लारा कैम्पोआमोर’ को मौके पर तैनात किया गया है। बलेआरिक द्वीप समूह की अध्यक्ष मार्गा प्रोहेन्स ने बताया कि संभावित तेल रिसाव की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। क्षेत्रीय आपातकालीन सेवा के निदेशक पाब्लो गैरिज़ के अनुसार, टैंकर पूरी तरह से नहीं डूबा है और इसका केवल एक हिस्सा पानी में है, जिससे बचाव एवं रिकवरी अभियान में सहूलियत मिल रही है।

