उत्तरकाशी के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता व छह माह के राशन का ऐलान
उत्तरकाशी के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रत्येक पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता व छह माह के राशन का ऐलान
उत्तरकाशी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद उत्तरकाशी की मोरी तहसील स्थित अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रत्येक प्रभावित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को क्षति का वास्तविक आकलन कर तत्काल राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल सुरक्षित आवास सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, अग्निकांड में नष्ट हुए खाद्यान्न की भरपाई के लिए आगामी छह माह के राशन और दैनिक जरूरतों की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
दीर्घकालिक विकास कार्यों का भरोसा, ग्रामीणों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावितों का पुनर्वास और तत्काल राहत है, हालांकि भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए गांव में जलाशय और हेलीपैड सहित अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पूरा प्रशासन पीड़ित बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के साथ मजबूती से खड़ा है। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे तथा ग्रामीणों ने त्वरित सहायता व संज्ञान के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

