शाओमी ने पेश किया Mijia Smart Water-Heated Blanket Pro, एक ही बिस्तर के दोनों हिस्सों का तापमान अलग-अलग कर सकेंगे सेट
शाओमी ने पेश किया Mijia Smart Water-Heated Blanket Pro, एक ही बिस्तर के दोनों हिस्सों का तापमान अलग-अलग कर सकेंगे सेट
नई दिल्ली। शाओमी (Xiaomi) ने चीन में अपना नया स्मार्ट उत्पाद ‘Mijia Smart Water-Heated Blanket Pro’ पेश किया है। इस स्मार्ट ब्लैंकेट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि एक ही बिस्तर पर सोने वाले दो लोग अपनी जरूरत के हिसाब से दोनों हिस्सों का तापमान अलग-अलग सेट कर सकते हैं। इसके लिए इसमें दो स्वतंत्र वॉटर सर्कुलेशन सिस्टम, अलग वॉटर टैंक और हीटिंग सिस्टम दिए गए हैं। यूजर दोनों तरफ 25 से 55 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान चुन सकते हैं।
ब्लैंकेट के अंदर लगभग 43 मीटर लंबी पीवीसी पाइपिंग बिछाई गई है, जिसमें 450W के डबल-साइडेड PTC सिरेमिक हीटिंग एलिमेंट से गर्म पानी प्रवाहित होता है। पैरों वाले हिस्से में पाइपिंग को अधिक घना रखा गया है, जिससे वहां बाकी हिस्सों के मुकाबले 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा गर्माहट मिलती है। सटीक तापमान नियंत्रण के लिए इसमें चार सेंसर लगे हैं।
स्मार्ट फीचर्स, सुरक्षा और कीमत
इसे Mi Home ऐप से जोड़कर तापमान बदलने, टाइमर सेट करने, स्लीप मोड चुनने और रिमोट कंट्रोल करने की सुविधा मिलती है। कंपनी के मुताबिक, इसका ऑपरेटिंग शोर महज 32dB(A) है। स्वच्छता के लिए इसमें सिल्वर-आयन एंटीबैक्टीरियल फैब्रिक और दो घंटे का माइट रिमूवल मोड दिया गया है। 1,000ml क्षमता वाले टैंक में एक बार पानी भरने पर रोजाना आठ घंटे के उपयोग के साथ यह करीब 60 दिन तक चल सकता है, जिसमें एक रात की बिजली खपत लगभग 0.7kWh रहती है। सुरक्षा के लिए इसमें ओवरहीटिंग, पानी के रिसाव से बचाव, चाइल्ड लॉक और 15 घंटे बाद ऑटो-शटडाउन जैसे 12 प्रोटेक्शन फीचर्स शामिल हैं।
चीन में Youpin प्लेटफॉर्म पर इसकी क्राउडफंडिंग कीमत 799 युआन (करीब 11,100 रुपये) और रिटेल कीमत 1,099 युआन (करीब 15,200 रुपये) रखी गई है। भारत सहित अन्य वैश्विक बाजारों में इसके लॉन्च को लेकर फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।

