Thursday, November 26, 2026
राष्ट्रीय

विदेशों से 60 टन सोना वापस लाया आरबीआई, स्वदेशी स्वर्ण भंडार बढ़कर 740.13 टन हुआ; कुल विदेशी मुद्रा भंडार 737.78 अरब डॉलर  

विदेशों से 60 टन सोना वापस लाया आरबीआई, स्वदेशी स्वर्ण भंडार बढ़कर 740.13 टन हुआ; कुल विदेशी मुद्रा भंडार 737.78 अरब डॉलर  

​मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही (अप्रैल से सितंबर 2026) के दौरान विदेशों में सुरक्षित रखे गए 60.08 टन सोने को वापस भारत मंगाया है। विदेशी मुद्रा भंडार प्रबंधन पर जारी ताजा छमाही रिपोर्ट के अनुसार, इस कदम से देश के भीतर रखे गए सोने का भंडार मार्च के 680.05 टन से बढ़कर सितंबर के अंत में 740.13 टन हो गया है। इसके साथ ही आरबीआई के कुल स्वर्ण भंडार में घरेलू हिस्सेदारी मार्च के 77.23 प्रतिशत से बढ़कर करीब 84 प्रतिशत पहुंच गई है, जबकि बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (बीआईएस) जैसे विदेशी संरक्षकों के पास रखा सोना 197.67 टन से घटकर 140.39 टन रह गया है।

​हालांकि इस अवधि में आरबीआई का कुल स्वर्ण भंडार 880.52 टन पर स्थिर रहा, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के दाम नरम पड़ने के कारण स्वर्ण भंडार का मूल्य 115.40 अरब डॉलर से घटकर 106.08 अरब डॉलर रह गया। रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल से सितंबर के बीच वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में लगभग 9 प्रतिशत की गिरावट आई और अमेरिकी डॉलर मजबूत हुआ।

​विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी, पर्याप्तता संकेतकों में मामूली नरमी

​रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार मार्च के अंत के 691.11 अरब डॉलर से बढ़कर सितंबर के अंत में 737.78 अरब डॉलर हो गया। विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां (एफसीए) 552.28 अरब डॉलर से बढ़कर 608.26 अरब डॉलर पर पहुंच गईं, जिनमें से 87.06 प्रतिशत हिस्सा प्रतिभूतियों में निवेश किया गया है, जबकि बीआईएस व अन्य केंद्रीय बैंकों के पास जमा राशि का हिस्सा घटाया गया है। आरबीआई ने बताया कि अधिकांश निवेश उच्च रेटिंग और अधिक तरलता वाले साधनों में हैं। दूसरी ओर, आयात कवर 10.6 महीने से घटकर 9.8 महीने रहा और अल्पकालिक कर्ज व अस्थिर पूंजी प्रवाह का अनुपात थोड़ा बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *