Friday, November 27, 2026
Latest:
राजनीति

लखनऊ में संविधान दिवस पर गरजे मल्लिकार्जुन खड़गे, केंद्र सरकार पर साधा निशाना; कहा- यूपी की जनता ने रोका भाजपा का अश्वमेध  

लखनऊ में संविधान दिवस पर गरजे मल्लिकार्जुन खड़गे, केंद्र सरकार पर साधा निशाना; कहा- यूपी की जनता ने रोका भाजपा का अश्वमेध  

​लखनऊ। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को लखनऊ में आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा के अश्वमेध के घोड़े को रोक दिया और ‘400 पार’ का नारा लगाने वालों को सबक सिखाया। खड़गे ने कटाक्ष करते हुए कहा कि केंद्र सरकार टीडीपी और नीतीश कुमार के सहारे टिकी है और सहयोगी हटने पर सरकार लड़खड़ा जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक दोनों पदों पर रहेंगे, निष्पक्ष चुनाव की उम्मीद कठिन है।

​खड़गे ने वाराणसी सीट का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रधानमंत्री को कड़ी चुनौती दी थी और थोड़े अंतर से पीछे रह गए। उन्होंने केंद्र की आर्थिक नीतियों, रोजगार और निवेश की स्थिति पर सवाल उठाए तथा गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा-आरएसएस पर संविधान व सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

​संगठन में एकजुटता पर जोर, मार्च को नहीं मिली अनुमति

​कांग्रेस अध्यक्ष ने 145 साल के इतिहास का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने सहारनपुर सांसद इमरान मसूद की संसद में सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि केवल बयानों के बजाय सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा। इससे पहले प्रशासन द्वारा मार्च की अनुमति न मिलने के बावजूद खड़गे ने अंबेडकर महासभा में श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *