प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर सीएम धामी की चार बड़ी घोषणाएं: आवासीय अग्निकांड आपदा श्रेणी में शामिल, एसडीआरएफ मानकों के तहत मिलेगी राहत
प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस पर सीएम धामी की चार बड़ी घोषणाएं: आवासीय अग्निकांड आपदा श्रेणी में शामिल, एसडीआरएफ मानकों के तहत मिलेगी राहत
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर प्रदेश के आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करने के लिए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा माना जाएगा और प्रभावितों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी। इसके साथ ही आपदा व सड़क दुर्घटनाओं में निःस्वार्थ भाव से मदद करने वालों को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त सैन्य, अर्द्धसैनिक व वर्दीधारी कर्मियों को आपदा बचाव प्रशिक्षण देकर जन-जागरूकता अभियान में जोड़ने तथा बड़े शिक्षण संस्थानों में प्रति एक हजार छात्रों पर एक शिक्षक को ‘आपदा मित्र’ के रूप में प्रशिक्षित करने की घोषणा भी की। इस अवसर पर घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन योजना (एसडीएमपी) 2026–27 का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के समन्वय व धैर्य की सराहना की गई, वहीं बताया गया कि प्रदेश में 133 क्यूआरटी (2,250 सदस्य), 169 भूकंप सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं।
सीएम धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹32.58 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में बाढ़ सुरक्षा, खेल अवस्थापना, सौर ऊर्जा, पर्यटन, मंदिर सौंदर्यीकरण, सड़क व विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्यों के लिए ₹32.58 करोड़ से अधिक की स्वीकृति प्रदान की है। इनमें थराली में कुलसारी मैदान के कटाव रोकथाम हेतु ₹491.98 लाख, गोलापार खेल परिसर के कार्य हेतु ₹100 लाख, शासकीय भवनों पर 17 मेगावाट सोलर प्लांट की द्वितीय किश्त के रूप में ₹16.268 करोड़ तथा बागेश्वर की गरुड़ गंगा कार्ययोजना के प्रथम चरण के लिए ₹316.58 लाख शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त अधीनस्थ सेवा चयन आयोग परिसर की द्वितीय यूनिट के लिए ₹123.908 लाख, पिथौरागढ़ व डीडीहाट के मार्ग कार्यों, अल्मोड़ा में 50 हैंडपंप स्थापना, टिहरी व गंगोलीहाट के मंदिर सौंदर्यीकरण व ध्यान केंद्र निर्माण तथा चम्पावत के 74 छूटे तोकों में विद्युतीकरण हेतु अवशेष ₹199.872 लाख की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है।
यूआईआईडीबी की बैठक में कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा: हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के कई कार्य दिसंबर 2026 तक पूरे करने का लक्ष्य
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक में हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने गतिमान कार्यों में तेजी लाने, नई परियोजनाओं को शीघ्र शुरू करने तथा स्थानीय संस्कृति व पहचान को समाहित करते हुए विकास कार्य आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि तीनों कॉरिडोर की कुल ₹8,279 करोड़ की प्रस्तावित योजनाओं में से लगभग ₹1,109 करोड़ की परियोजनाएं क्रियान्वयन में हैं, जिनसे हजारों प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है। हरिद्वार के प्रमुख कार्यों को दिसंबर 2026 तक तथा सतीकुंड पुनर्विकास को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि ऋषिकेश के एकीकृत कमांड व कंट्रोल सेंटर को जून 2027 तक पूर्ण करने तथा शारदा रिवरफ्रंट के तहत पारिस्थितिक कॉरिडोर व घाट कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया। श्रीनगर-बेलकेदार में आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

