Friday, November 27, 2026
Latest:
मनोरंजन

सुकेश चंद्रशेखर ने नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री की रिलीज रोकने के लिए भेजा कानूनी नोटिस, निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित होने का जताया अंदेशा

सुकेश चंद्रशेखर ने नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री की रिलीज रोकने के लिए भेजा कानूनी नोटिस, निष्पक्ष सुनवाई प्रभावित होने का जताया अंदेशा

​नई दिल्ली। सुकेश चंद्रशेखर ने अपने जीवन पर आधारित आगामी नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री ‘लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी’ की रिलीज को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है। सुकेश के अधिवक्ता अनंत मलिक ने नेटफ्लिक्स एंटरटेनमेंट सर्विसेज इंडिया, नेटफ्लिक्स इंक., इंडिया टुडे ग्रुप, डॉक्यूमेंट्री के दोनों निर्देशकों और कार्यकारी निर्माता को कानूनी नोटिस भेजकर 18 दिसंबर को प्रस्तावित रिलीज और इसके ट्रेलर पर रोक लगाने की मांग की है। नोटिस का जवाब देने के लिए संबंधित पक्षों को 72 घंटे का समय दिया गया है, जिसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट का रुख करने की बात कही गई है।

​अदालती सुनवाई और बिना अनुमति कंटेंट इस्तेमाल पर उठाए सवाल

​कानूनी नोटिस में कहा गया है कि सुकेश के खिलाफ कथित 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली और तिहाड़ जेल से जुड़े मकोका के मामलों में राउज एवेन्यू कोर्ट में अभी अभियोजन पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसकी अगली सुनवाई 30 नवंबर को निर्धारित है। अधिवक्ता के अनुसार, मामलों का फैसला आने से पूर्व डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से घटनाओं का एक पक्ष दिखाना निष्पक्ष सुनवाई के अधिकार को प्रभावित कर सकता है। नोटिस में यह भी आरोप लगाया गया है कि वर्तमान में मंडोली जेल में न्यायिक हिरासत में बंद सुकेश से डॉक्यूमेंट्री निर्माण से पूर्व न तो संपर्क किया गया और न ही उनके नाम, तस्वीर, आवाज या जीवन कथा के उपयोग की अनुमति ली गई।

​प्री-स्क्रीनिंग, प्रचार सामग्री हटाने और मंत्रालयों को पत्र भेजने की कार्रवाई

​नोटिस के जरिए मांग की गई है कि संबंधित आपराधिक मामलों में गवाही पूरी होने तक डॉक्यूमेंट्री और ट्रेलर का प्रसारण रोका जाए, रिलीज से पूर्व फिल्म की प्री-स्क्रीनिंग कराई जाए तथा साक्षात्कार देने वालों व सामग्री के स्रोतों का विवरण साझा किया जाए। इसके अतिरिक्त, बिना अदालती फैसले के सुकेश को दोषी दर्शाने वाली प्रचार सामग्री वापस लेने और फिल्म से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा गया है। इस विषय में अधिवक्ता अनंत मलिक ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और संबंधित मंत्रालयों के सचिवों को भी पत्र प्रेषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *