संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र 30 नवंबर से, किरेन रिजिजू ने की पुष्टि; सभी दलों से सार्थक चर्चा और सुचारू संचालन की अपील
संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र 30 नवंबर से, किरेन रिजिजू ने की पुष्टि; सभी दलों से सार्थक चर्चा और सुचारू संचालन की अपील
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में महत्वपूर्ण सरकारी कार्यकाज रखा जाएगा, जिसके बाद वही कार्य 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में लिए जाएंगे।
सत्र को लेकर कुछ सांसदों द्वारा उठाए गए नियमों के सवाल पर रिजिजू ने कहा कि विशेष कामकाज या महत्वपूर्ण विधेयक लाने के लिए सत्र बुलाना स्थापित परंपरा और संवैधानिक व्यवस्था के तहत है, इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है। उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं से बातचीत की है और सभी से अपील की है कि विधेयकों पर सार्थक बहस हो।
सदन की गरिमा और जिम्मेदारी से भागीदारी पर जोर
रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में सहमति और असहमति स्वाभाविक है, लेकिन सदन का सुचारू रूप से चलना सभी सांसदों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सत्र के दौरान पेश किए जाने वाले विधेयकों की विस्तृत जानकारी बाद में दी जाएगी और सभी सदस्यों को जिम्मेदारी के साथ कार्यवाही में भाग लेना चाहिए ताकि विश्व के सामने भारतीय लोकतंत्र की सकारात्मक छवि प्रस्तुत हो।

