Friday, November 27, 2026
Latest:
राजनीति

परिसीमन विधेयक पर डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने स्पष्ट किया रुख: तमिलनाडु की 7.18% लोकसभा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने सहित रखीं दो शर्तें  

परिसीमन विधेयक पर डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने स्पष्ट किया रुख: तमिलनाडु की 7.18% लोकसभा हिस्सेदारी सुरक्षित रखने सहित रखीं दो शर्तें  

​चेन्नई। संसद के आगामी विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक को समर्थन दिए जाने की अटकलों के बीच द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने पार्टी का रुख स्पष्ट करते हुए दो प्रमुख शर्तें रखी हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने बयान में स्टालिन ने कहा कि डीएमके तमिलनाडु के हितों और अपने सिद्धांतों से कभी कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने याद दिलाया कि परिसीमन के संभावित खतरों के खिलाफ सबसे पहले आवाज उठाने वाली पार्टी डीएमके ही थी और चेन्नई में ही देश भर के राजनीतिक नेताओं ने एकजुट होकर निष्पक्ष परिसीमन की मांग की थी।

​तमिलनाडु विधानसभा के प्रस्ताव और ‘निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति’ के निर्णयों का हवाला देते हुए स्टालिन ने अपनी दो मांगें दोहराईं। पहली शर्त यह है कि यदि लोकसभा सीटों की कुल संख्या बढ़ाई जाती है, तो किसी भी स्थिति में निचले सदन में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी कम नहीं होनी चाहिए। दूसरी शर्त के तहत उन्होंने मांग की कि 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का जो अनुपात पहले से तय और ‘फ्रीज’ है, उसे अगले 25 वर्षों तक यथावत ‘फ्रीज’ रखा जाए।

​सियासी अटकलों पर कड़ा रुख, पूर्व सहयोगियों पर साधा निशाना

​स्टालिन ने स्पष्ट किया कि डीएमके इन दोनों मांगों पर पूरी तरह अडिग है और पार्टी के रुख में कोई बदलाव नहीं आया है। मीडिया में चल रही अटकलों और राजनीतिक आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पीठ पीछे वार करने वालों की बातें पार्टी के रुख को नहीं डिगा सकतीं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि सत्ता के पदों के लिए अपने सिद्धांतों को त्यागने वाले लोगों को यह समझ लेना चाहिए कि डीएमके राज्य के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *