सुजुकी ने पेश की अपनी पहली कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार Ignis EV, 2027 में शुरू होगी बिक्री
सुजुकी ने पेश की अपनी पहली कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार Ignis EV, 2027 में शुरू होगी बिक्री
नई दिल्ली। सुजुकी मोटर (Suzuki) ने ऑनलाइन वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान अपनी पहली कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक कार ‘इग्निस ईवी’ (Ignis EV) से पर्दा उठा दिया है। इसे ‘ईजी टू स्विच’ कॉन्सेप्ट पर तैयार किया गया है, ताकि पारंपरिक पेट्रोल-डीजल (ICE) वाहनों से इलेक्ट्रिक कार की ओर रुख करने वाले ग्राहकों को ड्राइविंग और उपयोग में आसानी हो। यूरोप सहित अन्य बाजारों के शहरी और घुमावदार रास्तों पर इसका रियल-वर्ल्ड परीक्षण किया गया है। कंपनी इसकी बिक्री की शुरुआत 2027 से यूरोप और अन्य वैश्विक बाजारों में करेगी।
नई इग्निस ईवी को खास तौर पर विकसित ‘HEARTECT-e’ इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है, जिसमें बैटरी को बॉडी के नीचे व्यवस्थित ढंग से फिट किया गया है। कार में कॉम्पैक्ट ई-एक्सल के तहत मोटर, इन्वर्टर और रिडक्शन गियर को एक ही यूनिट में शामिल किया गया है। बेहतर सुरक्षा और लंबी बैटरी लाइफ के लिए इसमें लिथियम आयरन फॉस्फेट (LFP) बैटरी दी गई है। महज 4.5 मीटर के न्यूनतम टर्निंग रेडियस के कारण इसे संकरे रास्तों पर आसानी से मोड़ा जा सकता है। बेहतर राइड क्वालिटी के लिए इसमें विशेष EV सस्पेंशन, रीजेनरेटिव-हाइड्रोलिक ब्रेकिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक ब्रेक बूस्टर और सिंगल-पेडल ड्राइविंग की सुविधा दी गई है।
आधुनिक डिजाइन और केबिन फीचर्स
डिजाइन की बात करें तो इग्निस ईवी में फ्लोइंग शोल्डर लाइन, फ्लोटिंग रूफ और आगे व पीछे डिजिटल नंबर से प्रेरित ग्राफिक्स वाली एलईडी लाइट्स दी गई हैं। इसके केबिन में डैशबोर्ड से डोर ट्रिम तक राउंड लाइन डिजाइन, आकर्षक इंस्ट्रूमेंट पैनल, बड़ी डिस्प्ले और उपयोगी स्टोरेज ट्रे शामिल हैं, जो यात्रियों को आरामदायक और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं।

