बिकिनी के ऊपर ‘ओम’ छपा सारोंग पहनकर विवादों में घिरीं केंडल जेनर, भारतीय यूजर्स ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का लगाया आरोप
बिकिनी के ऊपर ‘ओम’ छपा सारोंग पहनकर विवादों में घिरीं केंडल जेनर, भारतीय यूजर्स ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का लगाया आरोप
नई दिल्ली। अमेरिकी मॉडल और रियलिटी टीवी स्टार केंडल जेनर अपनी एक तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर भारतीय यूजर्स के निशाने पर आ गई हैं। विवाद तब शुरू हुआ जब उनकी बहन काइली जेनर ने 24 नवंबर को इंस्टाग्राम पर बहामास में एक यॉट ट्रिप की तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में केंडल जेनर काले रंग की बिकिनी के ऊपर पीले और लाल रंग का एक सारोंग (कपड़ा) पहने नजर आ रही हैं, जिस पर हिंदू धर्म का पवित्र प्रतीक ‘ओम’ छपा हुआ है। तस्वीरें सामने आते ही इंटरनेट पर तीखी बहस छिड़ गई है और कई यूजर्स ने इसे धार्मिक प्रतीकों का अपमान बताया है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का कहना है कि ‘ओम’ कोई सामान्य डिजाइन या फैशन एक्सेसरी नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और आध्यात्मिक साधना का पवित्र प्रतीक है। नाराज लोगों ने अंतरराष्ट्रीय सेलिब्रिटीज से धार्मिक मान्यताओं के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील करते हुए कहा कि किसी के धर्म को फैशन ट्रेंड के रूप में इस्तेमाल करना अनुचित है। हालांकि, कुछ यूजर्स ने यह भी माना कि संभवतः केंडल को इस प्रतीक के धार्मिक महत्व की पूरी जानकारी नहीं रही होगी, लेकिन इस मामले पर अभी तक जेनर बहनों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
कौन हैं केंडल जेनर
केंडल जेनर एक चर्चित अमेरिकी सुपरमॉडल और टेलीविजन पर्सनैलिटी हैं। उन्हें वैश्विक पहचान रियलिटी शो ‘कीपिंग अप विद द कार्दशियन्स’ से मिली, जिसका वे लगभग 15 वर्षों तक हिस्सा रहीं। अपनी बड़ी फैन फॉलोइंग के कारण वे अक्सर अपनी लाइफस्टाइल से जुड़ी तस्वीरें साझा करती हैं, लेकिन इस बार उनका बीचवियर एक बड़े विवाद का कारण बन गया है।

