जनवरी 2027 में पहली बार पाकिस्तान के ऐतिहासिक दौरे पर जाएगी आयरलैंड क्रिकेट टीम, लाहौर में खेली जाएगी तीन मैचों की वनडे सीरीज
जनवरी 2027 में पहली बार पाकिस्तान के ऐतिहासिक दौरे पर जाएगी आयरलैंड क्रिकेट टीम, लाहौर में खेली जाएगी तीन मैचों की वनडे सीरीज
नई दिल्ली। आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम जनवरी 2027 में पहली बार पाकिस्तान के ऐतिहासिक दौरे पर जाएगी। इस दौरे पर दोनों देशों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिससे पहले आयरिश टीम पाकिस्तान शाहीन्स के खिलाफ तीन अभ्यास मैच भी खेलेगी। आईसीसी के अनुसार, पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच तीनों वनडे मुकाबले लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 20, 22 और 24 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे, जबकि इससे पहले 13 से 17 जनवरी तक पाकिस्तान शाहीन्स के साथ प्रैक्टिस सीरीज होगी।
यह दौरा दोनों टीमों की आगामी चुनौतियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। आयरलैंड इस सीरीज के जरिए आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2027 क्वालीफायर्स की तैयारी करेगा, वहीं मेजबान पाकिस्तान साल के अंत में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए अपने स्क्वॉड को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित करेगा। क्रिकेट आयरलैंड के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर ग्रीम वेस्ट ने बताया कि पहले मल्टी-फॉर्मेट सीरीज की योजना थी, लेकिन दोनों बोर्ड की सहमति से विश्व कप तैयारियों को देखते हुए 50 ओवर के प्रारूप को प्राथमिकता दी गई है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड में पाकिस्तान का पलड़ा भारी
वनडे क्रिकेट इतिहास में पाकिस्तान और आयरलैंड के बीच अब तक कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पाकिस्तान ने 5 और आयरलैंड ने 1 मैच जीता है, जबकि एक मैच टाई रहा है। आयरलैंड को पाकिस्तान के खिलाफ अपनी एकमात्र जीत 2007 के विश्व कप में मिली थी। पिछले 19 वर्षों से आयरिश टीम पाकिस्तान को वनडे में हरा नहीं पाई है और इस ऐतिहासिक दौरे पर वह जीत के इस सूखे को समाप्त करने के लक्ष्य के साथ मैदान पर उतरेगी।

