Friday, November 27, 2026
Latest:
राजनीति

संविधान गौरव दिवस पर अमित शाह की अपील, संसद पुस्तकालय में संविधान की मूल प्रति देखने को कहा; सभ्यता व इतिहास से जोड़ा

संविधान गौरव दिवस पर अमित शाह की अपील, संसद पुस्तकालय में संविधान की मूल प्रति देखने को कहा; सभ्यता व इतिहास से जोड़ा

​नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम में कहा कि संविधान का सम्मान करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है और इसे केवल सरकार चलाने की मार्गदर्शिका तक सीमित नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता के बाद युवाओं और नागरिकों में संविधान की भावना को सशक्त करने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जबकि 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने की शुरुआत की गई ताकि इसके मूल्य स्कूलों, कॉलेजों और समाज के हर वर्ग तक पहुंच सकें।

​शाह ने 26 नवंबर 1949 को संविधान अंगीकार किए जाने का उल्लेख करते हुए 1857 से 1947 तक के स्वतंत्रता संग्राम और सेनानियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि संविधान में भारत के इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना के तत्व समाहित हैं।

​संविधान की मूल प्रति और चित्रों का किया जिक्र

​गृह मंत्री ने कहा कि संविधान की मूल प्रति में कलाकार नंदलाल बोस द्वारा बनाए गए चित्र भारतीय सभ्यता और इतिहास की गाथा कहते हैं, जिनमें भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी मार्च और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के प्रसंग शामिल हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे संसद पुस्तकालय जाकर मूल प्रति देखें और संविधान की भावना को समझने के लिए समय निकालें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *