यूपी चुनाव 2027 से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की रैली में सत्ता में हिस्सेदारी का नारा
यूपी चुनाव 2027 से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन, ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की रैली में सत्ता में हिस्सेदारी का नारा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के नेता चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में संयुक्त रैली कर सियासी ताकत दिखाई। दोनों दलों के गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ की ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ में दलित और मुस्लिम एकजुटता पर जोर देते हुए सत्ता में भागीदारी का संदेश दिया गया। आयोजकों ने पांच लाख भीड़ का दावा किया था, जबकि मैदान में नीले और हरे झंडों के साथ बड़ी संख्या में समर्थक जुटे।
रैली को संबोधित करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को मोर्चे का मुख्यमंत्री चेहरा बताया और कहा कि अब जनता किसी एक परिवार, ठाकुर या यादव राज के बजाय जनता का राज लाएगी। वहीं चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि मुस्लिम समाज दरी नहीं बिछाएगा, बल्कि उपमुख्यमंत्री बनेगा और अति पिछड़ा वर्ग से भी डिप्टी सीएम होगा।
सपा और भाजपा पर निशाना, नए समीकरण की आहट
एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने वंचितों के लिए संविधान को संबल बताते हुए दलित-मुस्लिम एकता का आह्वान किया, जबकि पार्टी के पदाधिकारियों ने मोर्चे को नया राजनीतिक विकल्प बताया। रैली के दौरान समर्थकों ने सपा नेता आजम खान के बयानों पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। ओवैसी व आजाद ने भाजपा और सपा दोनों पर हमला बोलते हुए प्रदेश की राजनीति में 2027 के चुनाव से पहले नया समीकरण साधने की कोशिश की है।

