आईआरसीटीसी होटल घोटाला: दिल्ली हाई कोर्ट ने खारिज की लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की याचिकाएं, आरोप तय करने का आदेश बरकरार
आईआरसीटीसी होटल घोटाला: दिल्ली हाई कोर्ट ने खारिज की लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव की याचिकाएं, आरोप तय करने का आदेश बरकरार
नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की याचिकाएं खारिज कर दीं। इन याचिकाओं में आईआरसीटीसी होटल घोटाला मामले में उनके खिलाफ आपराधिक आरोप तय करने के निचली अदालत के आदेश को चुनौती दी गई थी। जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की एकल पीठ ने याचिकाओं को खारिज करते हुए राऊज एवेन्यू कोर्ट के विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने द्वारा 13 अक्टूबर 2025 को पारित आरोप तय करने के आदेश को बरकरार रखा।
याचिकाओं में आरोपियों ने तर्क दिया था कि सीबीआई प्रथम दृष्टया आरोप तय करने के लिए पर्याप्त सामग्री पेश करने में विफल रही है। राबड़ी देवी ने कहा था कि अनुमानों के आधार पर उन पर आरोप तय किए गए, जबकि तेजस्वी यादव ने पर्याप्त साक्ष्यों का अभाव बताया था। लालू यादव की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने पूर्व में दलील दी थी कि अभियोजन स्वीकृति से पहले चार्जशीट दाखिल हुई और लेनदेन सरकारी नीति के तहत थे।
2004 से 2009 के बीच का है मामला
यह प्रकरण 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे। सीबीआई के अनुसार, उस अवधि में दो आईआरसीटीसी होटलों को नियमों का उल्लंघन कर लीज पर दिया गया था, जिसमें एक होटल राज्यसभा सांसद प्रेम गुप्ता की पत्नी सरला गुप्ता को आवंटित हुआ था। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के बदले बेनामी व्यवस्था के जरिए लालू परिवार से जुड़ी कंपनी को लगभग तीन एकड़ कीमती जमीन हस्तांतरित की गई थी।

