धर्म

4 दिसंबर को मनाई जाएगी उत्पन्ना एकादशी, जानें शुभ मुहूर्त, व्रत पारण का समय और इस तिथि का पौराणिक महत्व

4 दिसंबर को मनाई जाएगी उत्पन्ना एकादशी, जानें शुभ मुहूर्त, व्रत पारण का समय और इस तिथि का पौराणिक महत्व

​नई दिल्ली। हिंदू धर्म में भगवान विष्णु की आराधना के लिए समर्पित एकादशी तिथि का विशेष महत्व है। प्रत्येक माह के कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष में एक-एक एकादशी पड़ती है, जिसके अनुसार दिसंबर 2026 में पहली उत्पन्ना एकादशी और दूसरी मोक्षदा एकादशी मनाई जाएगी। द्रिक पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की उत्पन्ना एकादशी शुक्रवार, 4 दिसंबर 2026 को पड़ रही है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जो श्रद्धालु पहली बार एकादशी का व्रत शुरू करना चाहते हैं, उनके लिए यह तिथि अत्यंत शुभ मानी जाती है।

​पंचांग के अनुसार, एकादशी तिथि का प्रारंभ 3 दिसंबर 2026 को रात 11 बजकर 03 मिनट पर होगा और इसका समापन 4 दिसंबर 2026 को रात 11 बजकर 44 मिनट पर होगा। उदयातिथि के अनुसार 4 दिसंबर को व्रत रखा जाएगा, जबकि व्रत का पारण अगले दिन शनिवार, 5 दिसंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 18 मिनट से सुबह 8 बजकर 34 मिनट के बीच किया जा सकेगा।

​क्या है उत्पन्ना एकादशी का पौराणिक महत्व?

​पौराणिक कथाओं के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु के शरीर से माता एकादशी प्रकट हुई थीं। मान्यता है कि मुर नामक शक्तिशाली राक्षस के अत्याचारों से देवता त्रस्त थे। भगवान विष्णु और मुर के बीच हुए युद्ध के दौरान जब श्रीहरि विश्राम कर रहे थे, तब राक्षस ने उन पर हमला करने का प्रयास किया। उसी क्षण भगवान विष्णु के शरीर से एक दिव्य शक्ति उत्पन्न हुई और उसने मुर का वध कर दिया। प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उस शक्ति को ‘एकादशी’ नाम दिया, जिसके बाद से इस तिथि को उत्पन्ना एकादशी के रूप में मनाया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *