इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा को लीगल नोटिस भेजने की खबरों का शाहरुख खान की कानूनी टीम ने किया खंडन, वायरल दावों को बताया गलत
इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा को लीगल नोटिस भेजने की खबरों का शाहरुख खान की कानूनी टीम ने किया खंडन, वायरल दावों को बताया गलत
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा के बीच कथित लीगल नोटिस को लेकर चल रहे विवाद पर अभिनेता की कानूनी टीम ‘हिरानी एंड एसोसिएट्स’ ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। लॉ फर्म ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बयान साझा कर साफ किया कि शाहरुख खान की ओर से सुविज्ञ शर्मा को कोई लीगल नोटिस नहीं भेजा गया है। 23 नवंबर 2026 की तारीख वाले कथित नोटिस को अभिनेता से जोड़ने वाली खबरों को पूरी तरह गलत बताते हुए टीम ने कहा कि न तो शाहरुख खान ने ऐसा कोई नोटिस जारी किया है और न ही किसी वकील या लॉ फर्म को इसके लिए निर्देश दिया है।
कानूनी टीम ने मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया पेजों से भी अपील की है कि वे किसी भी सूचना को प्रकाशित करने से पहले उसकी तथ्यपरक जांच करें और इस कथित नोटिस को शाहरुख खान से जोड़ने वाली भ्रामक सामग्री में सुधार करें या उसे हटा दें।
कहां से शुरू हुआ था पूरा विवाद?
यह विवाद हाल ही में वायरल हुई एक इंस्टाग्राम रील से शुरू हुआ था, जिसे इन्फ्लुएंसर सुविज्ञ शर्मा ने साझा किया था। उद्योगपति अनंत अंबानी और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के बीच बातचीत के वीडियो पर आधारित इस रील में दावा किया गया था कि बातचीत के दौरान अनंत अंबानी ने शाहरुख खान को चुप रहने का इशारा किया था। इसके बाद कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि शाहरुख ने 23 नवंबर को मानहानि का नोटिस भेजकर 48 घंटे में रील हटाने को कहा है, जिसे अब अभिनेता की कानूनी टीम ने सिरे से खारिज कर दिया है।

