राजनीति

सरकार ने बुलाया संसद का विशेष सत्र: 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक; कांग्रेस ने भी बुलाई अहम रणनीतिक बैठक  

सरकार ने बुलाया संसद का विशेष सत्र: 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की बैठक; कांग्रेस ने भी बुलाई अहम रणनीतिक बैठक  

​नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने आवश्यक सरकारी कामकाज निपटाने के लिए संसद की बैठकें फिर से बुलाने का फैसला किया है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति से अनुरोध किया है कि सोमवार, 30 नवंबर 2026 को लोकसभा और बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को राज्यसभा की बैठकें दोबारा बुलाई जाएं। कामकाज की आवश्यकताओं के आधार पर दोनों सदनों की कार्यवाही गुरुवार, 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है।

​संसद की बैठक बुलाए जाने की घोषणा के साथ ही मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भी शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे पार्लियामेंट्री स्ट्रेटजी ग्रुप की अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी और जयराम रमेश सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

​बिना सत्रावसान के 100 दिन पार, टूटा 2008 का रिकॉर्ड

​उल्लेखनीय है कि 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए गए मानसून सत्र का औपचारिक रूप से सत्रावसान (प्रोरोगेशन) नहीं किया गया है, जिसके चलते यह बैठकें नए सत्र के बजाय मानसून सत्र की निरंतरता मानी जाएंगी। बिना सत्रावसान के 100 दिनों से अधिक समय बीतने के साथ ही इसने संसदीय इतिहास में नया कीर्तिमान बना दिया है। इससे पहले सर्वाधिक 87 दिनों का रिकॉर्ड 2008 में बना था, जब जुलाई में अविश्वास प्रस्ताव और अक्टूबर व दिसंबर में विशेष बैठकें बुलाई गई थीं। इसके अलावा 1987 में 76 दिन, 1989 में 54 दिन, 2006 व 2013 में 49 दिन और 1963 में 41 दिन बाद सत्रावसान किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *