भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तराखंड कांग्रेस का हल्ला बोल, ‘संविधान बचाओ मार्च’ निकाल राज्यपाल को सौंपे हस्ताक्षर
भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तराखंड कांग्रेस का हल्ला बोल, ‘संविधान बचाओ मार्च’ निकाल राज्यपाल को सौंपे हस्ताक्षर
देहरादून। उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने गुरुवार को देहरादून में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। पार्टी द्वारा प्रदेश भर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के तहत एकत्र किए गए दस्तावेजों को सौंपने के लिए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय से लोकभवन तक ‘संविधान बचाओ मार्च’ निकाला। मार्च के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और वरिष्ठ नेताओं ने अग्रिम पंक्ति में रहकर मोर्चा संभाला।
प्रदर्शन से पूर्व राज्य के विभिन्न हिस्सों से कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश मुख्यालय में एकत्रित हुए, जहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। पूरे मार्च के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत काफी सक्रिय नजर आए।
भ्रष्टाचार और अंकिता भंडारी मामले को लेकर सरकार पर हमला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य भर से जुटाए गए हस्ताक्षरों को आज राज्यपाल को सौंपा गया है। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार से जनता में भारी रोष है, लेकिन धामी सरकार आरोपी मंत्रियों पर कार्रवाई की अनुमति नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी प्रदेशवासियों में गहरा आक्रोश है और इन्हीं जनमुद्दों को लेकर कांग्रेस ने लोकभवन तक यह मार्च निकाला है।

