देहरादून के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा की बढ़ीं मुश्किलें, दुकान आवंटन विवाद में मिला 2 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस
देहरादून के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा की बढ़ीं मुश्किलें, दुकान आवंटन विवाद में मिला 2 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस
देहरादून। नगर निगम की दुकानों के आवंटन को लेकर देहरादून के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा और उनके बेटे शाश्वत उनियाल पर लगे करीब 40 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोपों का मामला अब कानूनी लड़ाई में तब्दील हो गया है। इस प्रकरण में पूर्व मेयर पर आरोप लगाने वाले शिकायतकर्ताओं विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह ने अब सुनील उनियाल गामा को दो करोड़ रुपये की मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पूर्व मेयर के बेटे शाश्वत उनियाल ने नगर निगम की दुकानें स्थायी रूप से आवंटित कराने का भरोसा दिलाकर उनसे लाखों रुपये का लेनदेन किया था। हालांकि, तय समय के बाद भी न तो दुकानों का आवंटन हुआ और न ही रकम की वापसी को लेकर विवाद सुलझ सका।
आरटीआई खुलासे और गंभीर आरोपों से गहराया विवाद
शिकायतकर्ताओं ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) से प्राप्त दस्तावेजों का हवाला देते हुए दावा किया है कि जिन दुकानों के स्थायी आवंटन का आश्वासन दिया गया था, वे वास्तव में अस्थायी श्रेणी की दुकानें थीं। इस खुलासे के बाद नगर निगम की संपत्तियों के आवंटन की पारदर्शिता और कथित वित्तीय लेनदेन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं, शिकायतकर्ताओं की ओर से मामले में धमकी देने और घर में तोड़फोड़ करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं, जिससे यह विवाद और अधिक पेचीदा हो गया है।

