उत्तराखंड सूचना आयोग का बड़ा फैसला: एक ही विभाग में RTI अर्जी ट्रांसफर करने पर रोक, दो अधिकारियों को 25 हजार जुर्माने का नोटिस
उत्तराखंड सूचना आयोग का बड़ा फैसला: एक ही विभाग में RTI अर्जी ट्रांसफर करने पर रोक, दो अधिकारियों को 25 हजार जुर्माने का नोटिस
देहरादून। सरकारी दफ्तरों में सूचना का अधिकार (RTI) के आवेदनों को एक ही विभाग के भीतर इधर-उधर घुमाने की प्रवृत्ति पर उत्तराखंड सूचना आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य सूचना आयुक्त दलीप सिंह कुंवर की पीठ ने स्पष्ट किया है कि कोई भी लोक सूचना अधिकारी (PIO) अपने ही विभाग या लोकप्राधिकारी के अन्य लोक सूचना अधिकारियों को RTI आवेदन हस्तांतरित नहीं कर सकता। इस मामले में लापरवाही बरतने पर आयोग ने उधमसिंह नगर जिला पूर्ति कार्यालय की तत्कालीन व वर्तमान लोक सूचना अधिकारियों को 25 हजार रुपये तक की पेनल्टी और विभागीय कार्रवाई का कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह मामला काशीपुर के RTI कार्यकर्ता नदीम उद्दीन की अर्जी से जुड़ा है, जिन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से 17 बिंदुओं पर राशन कार्ड पात्रता, दर, मात्रा, निरस्तीकरण और जिले के आंकड़ों से जुड़ी जनहित की जानकारी मांगी थी। आवेदन जिला पूर्ति कार्यालय पहुंचने पर तत्कालीन PIO ने खुद सूचना संकलित करने के बजाय अर्जी को अपने ही विभाग के क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को ट्रांसफर कर दिया, जिससे आवेदक को समय पर जानकारी नहीं मिल सकी।
धारा 5(4) के तहत सूचना संकलन अनिवार्य, 4 जनवरी को अगली सुनवाई
आयोग ने अपने अंतरिम आदेश में कहा कि RTI अधिनियम की धारा 5(4) के तहत PIO का दायित्व है कि वह संबंधित अधिकारियों व पटल सहायकों से समन्वय कर सूचना संकलित करे और एकीकृत रूप में समय पर उपलब्ध कराए। इसी आधार पर आयोग ने तत्कालीन PIO मीनाक्षी रावत और वर्तमान PIO तन्मय मैठाणी को धारा 20(1) व 20(2) के तहत कारण बताओ नोटिस जारी कर 4 जनवरी 2027 से पहले स्पष्टीकरण मांगा है। इस फैसले से सरकारी विभागों में फाइल सरकाकर जवाबदेही से बचने की कार्यशैली पर अंकुश लगने की उम्मीद है।

