Friday, November 27, 2026
Latest:
अन्तर्राष्ट्रीय

जन्मजात नागरिकता सीमित करने के ट्रंप के प्रयास पर अमेरिकी संघीय अदालत की रोक, संवैधानिक अधिकार में नए अपवाद जोड़ने से किया इनकार

जन्मजात नागरिकता सीमित करने के ट्रंप के प्रयास पर अमेरिकी संघीय अदालत की रोक, संवैधानिक अधिकार में नए अपवाद जोड़ने से किया इनकार

​वाशिंगटन। वाशिंगटन की एक संघीय अदालत ने अमेरिका में जन्म के आधार पर मिलने वाली नागरिकता (बर्थराइट सिटिजनशिप) को सीमित करने के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए कार्यकारी आदेश पर रोक लगा दी है। ‘अमेरिकन सिविल लिबर्टीज यूनियन’ (ACLU) ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अदालत ने प्रशासन की उस कोशिश को खारिज कर दिया है, जिसके जरिए संवैधानिक गारंटी में नए अपवाद जोड़ने का प्रयास किया गया था। स्थानीय समयानुसार बुधवार को ‘नाथन बनाम ट्रंप’ मामले में फैसला सुनाते हुए अदालत ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति अमेरिका में जन्मे और अमेरिकी कानूनों के दायरे में आने वाले बच्चों के जन्मजात नागरिकता अधिकार में कोई नया अपवाद नहीं जोड़ सकते।

​दरअसल, ट्रंप प्रशासन ने 6 अगस्त को एक आदेश जारी कर संघीय एजेंसियों को निर्देश दिया था कि वे उन बच्चों को नागरिकता न दें, जिनके माता-पिता में से कोई भी अमेरिकी नागरिक नहीं है। इस आदेश के दायरे में कथित ‘विदेशी दुश्मन’ (एलियन एनिमी), विदेशी सरकारों व दूतावासों के कर्मचारी और नागरिकता पाने के उद्देश्य से ‘पेड सरोगेसी’ या किसी व्यावसायिक समझौते के तहत बच्चे को जन्म देने वाले अभिभावक शामिल थे।

​सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दायर हुआ था मुकदमा

​इससे पहले जून में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप द्वारा नागरिकता पर लगाई गई पिछली पाबंदियों को खारिज कर दिया था। इसके बाद अगस्त में लाए गए नए प्रतिबंधों के खिलाफ एसीएलयू, ‘एशियन लॉ कॉकस’, ‘एनएएसीपी लीगल डिफेंस एंड एजुकेशनल फंड’ और ‘डेमोक्रेसी डिफेंडर्स फंड’ ने 28 सितंबर को वाशिंगटन में यह मुकदमा दायर किया था, जिस पर अब पीड़ित परिवारों के पक्ष में यह अहम फैसला आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *