किम जोंग उन ने परमाणु ठिकानों का निरीक्षण कर उत्पादन क्षमता बढ़ाने का किया आह्वान, अमेरिका और दक्षिण कोरिया को दी कड़ी चेतावनी
किम जोंग उन ने परमाणु ठिकानों का निरीक्षण कर उत्पादन क्षमता बढ़ाने का किया आह्वान, अमेरिका और दक्षिण कोरिया को दी कड़ी चेतावनी
सियोल। उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन ने देश के परमाणु सामग्री उत्पादन केंद्रों और हथियार अनुसंधान संस्थान का निरीक्षण करते हुए परमाणु हथियार उत्पादन क्षमता को और मजबूत करने का आह्वान किया है। सरकारी समाचार एजेंसी ‘केसीएनए’ के अनुसार, बुधवार को हुए इस दौरे में किम ने विभिन्न सैन्य अभियानों में सामरिक परमाणु हथियारों के उपयोग की क्षमता विकसित करने को तत्काल आवश्यकता बताया। हालांकि, रिपोर्ट में इन गोपनीय केंद्रों के नाम और स्थान का खुलासा नहीं किया गया है।
निरीक्षण के दौरान किम ने दक्षिण कोरिया की ओर इशारा करते हुए कहा कि सबसे खतरनाक शत्रु देश के साथ साझा सीमा और आधुनिक युद्ध की परिस्थितियों को देखते हुए सामरिक परमाणु हथियारों की सैन्य उपयोगिता बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने अमेरिका पर पूर्वोत्तर एशिया में परमाणु प्रसार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वाशिंगटन अपने सहयोगियों के साथ परमाणु हथियार साझा कर एक वैश्विक परमाणु सैन्य गठबंधन प्रणाली तैयार कर रहा है, जिससे उत्तर कोरिया के लिए अपने परमाणु जखीरे को बढ़ाना अनिवार्य हो गया है।
निरस्त्रीकरण की मांग को बताया युद्ध की घोषणा
किम जोंग उन ने स्पष्ट किया कि उत्तर कोरिया की परमाणु शक्ति संपन्न देश की स्थिति अपरिवर्तनीय है और बाहरी दबाव या निरस्त्रीकरण की मांग से इसमें कोई बदलाव नहीं आएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि परमाणु हथियारों को समाप्त करने के किसी भी प्रयास को देश की संप्रभुता पर हमला और युद्ध की घोषणा माना जाएगा।
गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने 2023 में संविधान संशोधन के जरिए खुद को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र घोषित किया था। यह किम का परमाणु प्रतिष्ठानों का चौथा सार्वजनिक दौरा है; इससे पहले वे सितंबर 2024, जनवरी 2025 और जून 2026 में भी ऐसे निरीक्षण कर चुके हैं। दक्षिण कोरियाई रक्षा मंत्री के अगस्त 2026 के अनुमान के अनुसार, उत्तर कोरिया के पास वर्तमान में 80 से 120 परमाणु हथियार हो सकते हैं।

