Thursday, November 26, 2026
अन्तर्राष्ट्रीय

नेपाल बाढ़ में लापता 213 भारतीय नागरिकों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू, भारतीय दूतावास ने 2 दिसंबर तक परिजनों से मांगी आपत्ति और जानकारी

नेपाल बाढ़ में लापता 213 भारतीय नागरिकों को मृत घोषित करने की प्रक्रिया शुरू, भारतीय दूतावास ने 2 दिसंबर तक परिजनों से मांगी आपत्ति और जानकारी

​नई दिल्ली। नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड के महीनों बाद भी लापता भारतीय नागरिकों को लेकर प्रशासनिक व कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने 213 लापता भारतीय नागरिकों की सूची जारी की है, जिन्हें कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आधिकारिक रूप से मृत घोषित किया जा सकता है। काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने लापता लोगों के परिजनों से इस सूची की समीक्षा करने और नाम जोड़ने, हटाने या विवरण में संशोधन संबंधी किसी भी आपत्ति या अतिरिक्त जानकारी को 2 दिसंबर 2026 तक साझा करने की अपील की है।

​दूतावास ने परिजनों की सुविधा के लिए ईमेल आईडी (eoikathmandufloodsupport@gmail.com) और हेल्पलाइन मोबाइल नंबर (+9779851316807) जारी किया है। आपत्तियां और टिप्पणियां प्राप्त होने के बाद नेपाल सरकार सूची को अंतिम रूप देगी, जिसके पश्चात संबंधित व्यक्तियों को मृत घोषित कर भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन से मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।

​बाढ़ से भारी तबाही, 12 देशों के 452 नागरिक लापता

​नेपाल में 26 अगस्त को त्रिशूली और भोटेकोशी नदी प्रणाली में आई अचानक बाढ़ से भारी जनहानि हुई थी। NDRRMA के आंकड़ों के अनुसार, इस आपदा में अब तक 1,453 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 5,000 से ज्यादा लोग अब भी लापता हैं। प्राधिकरण को 12 देशों के राजनयिक मिशनों से 452 सत्यापित लापता विदेशी नागरिकों का रिकॉर्ड प्राप्त हुआ है, जिनमें 213 भारतीय, 85 चीनी, 69 अमेरिकी, 32 ब्रिटिश, 27 कनाडाई, 9 सिंगापुर, 6 दक्षिण अफ्रीकी, 4 फ्रांसीसी, 2-2 हंगरी, बेल्जियम व कजाखस्तान और 1 बेलारूस का नागरिक शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *