पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज पर संकट, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को दिया पुराना निर्देश याद
पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज पर संकट, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को दिया पुराना निर्देश याद
नई दिल्ली। फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और सनम सईद जैसे पाकिस्तानी कलाकारों से सजी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में रिलीज को लेकर विवाद गहरा गया है। 4 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित इसकी वैश्विक रिलीज से पहले सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करने और पाकिस्तान में बनी फिल्मों व वेब सीरीज को भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध न कराने को कहा है।
सूत्रों के अनुसार, सीरीज के भारत में प्रसारण की संभावनाओं को लेकर मिली आपत्तियों के बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 की उसकी प्रतिबद्धता याद दिलाई है। उस समय नेटफ्लिक्स ने आश्वासन दिया था कि वह भारतीय सब्सक्राइबर्स को पाकिस्तानी मूल का कंटेंट उपलब्ध नहीं कराएगा। हालांकि, नेटफ्लिक्स ने अभी तक भारत में इसकी स्ट्रीमिंग को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
AICWA का विरोध और सीरीज की कहानी
इससे पहले ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर पहलगाम और पुलवामा आतंकी हमलों तथा 2025 की सरकारी एडवाइजरी का हवाला देते हुए सीरीज पर रोक लगाने की मांग की थी। संगठन ने पाकिस्तानी मनोरंजन सामग्री पर स्थायी प्रतिबंध के लिए सख्त कानून बनाने की भी अपील की है।
मोमिना दुरैद फिल्म्स द्वारा निर्मित यह नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी ओरिजिनल सीरीज है, जो फरहत इश्तियाक के 2013 के प्रसिद्ध उर्दू उपन्यास पर आधारित है। तीन पीढ़ियों की छह प्रेम कहानियों को दर्शाने वाली इस सीरीज की शूटिंग पाकिस्तान और रोम सहित यूरोप के कई हिस्सों में हुई है।

