फिल्म ‘रामायण’ की टीम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात, राजामौली व अल्लू अर्जुन समेत कई सितारों ने की सराहना
फिल्म ‘रामायण’ की टीम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात, राजामौली व अल्लू अर्जुन समेत कई सितारों ने की सराहना
नई दिल्ली। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ की सफलता के बीच फिल्म की टीम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मेकर्स के आधिकारिक ‘एक्स’ पेज ‘द वर्ल्ड ऑफ रामायण’ पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा की गई हैं, जिनमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, निर्देशक नितेश तिवारी और टीम के अन्य सदस्य अमित शाह के साथ चर्चा करते दिख रहे हैं। पोस्ट में टीम ने लिखा कि देश और दुनियाभर के सिनेमाघरों में फिल्म को मिल रहे प्यार के बीच गृह मंत्री से मिलकर उन्हें बेहद खुशी हुई।
’रामायण’ को लेकर आम दर्शकों के साथ-साथ फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों ने भी प्रतिक्रियाएं दी हैं। निर्देशक एसएस राजामौली ने फिल्म के विशाल पैमाने और दृश्यों की सराहना करते हुए लिखा कि राम के रूप में रणबीर, सीता के किरदार में साई पल्लवी और रावण के रूप में यश का अंदाज प्रभावशाली है। उन्होंने प्री-क्लाइमैक्स और क्लाइमैक्स की तारीफ करते हुए नमित मल्होत्रा, नितेश तिवारी और पूरी टीम को बधाई दी।
अन्य कलाकारों की प्रतिक्रियाएं
अभिनेता अनुपम खेर ने फिल्म के वैश्विक प्रदर्शन पर कलाकारों, निर्माताओं और तकनीशियनों को शुभकामनाएं देते हुए दर्शकों के प्यार और आशीर्वाद की कामना की। विजय देवरकोंडा ने कहा कि यह फिल्म भारतीय कहानियों व संस्कृति को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाएगी और रणबीर, साई पल्लवी व यश के साथ-साथ एआर रहमान व हंस जिमर के योगदान का सम्मान किया। वहीं, अल्लू अर्जुन ने इसे भारतीय सिनेमा का स्तर ऊंचा उठाने का प्रयास बताते हुए सभी से इसके समर्थन की अपील की।

