मन की शांति और बेहतर नींद के लिए प्रभावी है ‘शक्ति मुद्रा’, आयुष मंत्रालय ने बताए इसके लाभ और अभ्यास के नियम
मन की शांति और बेहतर नींद के लिए प्रभावी है ‘शक्ति मुद्रा’, आयुष मंत्रालय ने बताए इसके लाभ और अभ्यास के नियम
नई दिल्ली। योग में हाथों और उंगलियों की विशेष अवस्थाओं यानी मुद्राओं को शरीर, मन और ऊर्जा के बीच संतुलन बनाने का प्रभावी माध्यम माना जाता है। इन्हीं मुद्राओं में से एक ‘शक्ति मुद्रा’ मानसिक शांति, बेहतर नींद और आंतरिक ऊर्जा को बढ़ाने में सहायक मानी जाती है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, शक्ति मुद्रा प्राण ऊर्जा को संतुलित करने, तंत्रिका तंत्र को शांत करने तथा अनिद्रा व तनाव को कम करने में मदद करती है।
यह मुद्रा पैरासिम्पेथेटिक तंत्रिका तंत्र को शांत करके नींद की गुणवत्ता सुधारने में सहायक है। नियमित अभ्यास से सांसों की गति संतुलित होती है, मन एकाग्र होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ता है। आयुर्वेद के अनुसार, शरीर पांच तत्वों—पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश—तथा वात, पित्त और कफ दोषों से बना है, जिनके संतुलन में शक्ति मुद्रा उपयोगी मानी जाती है।
अभ्यास का सही समय और जरूरी सावधानियां
आयुष मंत्रालय के मुताबिक, इस मुद्रा का अभ्यास दिन में 10 से 15 मिनट तक किया जा सकता है। सुबह के समय या रात को सोने से पहले इसका अभ्यास अधिक लाभकारी माना गया है। इसे करने के लिए किसी विशेष स्थान या लंबे समय की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन कुछ सावधानियां बरतना जरूरी है।
भोजन करने के तुरंत बाद शक्ति मुद्रा का अभ्यास न करें और भोजन के बाद कम से कम 2 से 3 घंटे का अंतर रखें। उंगलियों पर अधिक दबाव न डालें और यदि हाथ या उंगलियों में चोट या दर्द हो तो इसे न करें। निर्धारित समय से अधिक अभ्यास करने पर सुस्ती या आलस्य आ सकता है, इसलिए संतुलित अवधि में ही इसका अभ्यास करें।

