Friday, November 27, 2026
Latest:
धर्म

शीतकाल में बाबा केदारनाथ का निवास है ऊखीमठ का ओंकारेश्वर मंदिर, सीएम धामी ने वीडियो साझा कर श्रद्धालुओं से की दर्शन की अपील

शीतकाल में बाबा केदारनाथ का निवास है ऊखीमठ का ओंकारेश्वर मंदिर, सीएम धामी ने वीडियो साझा कर श्रद्धालुओं से की दर्शन की अपील

​देहरादून। शीतकाल के दौरान केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर में विराजमान रहती है। गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस मंदिर का एक वीडियो साझा करते हुए श्रद्धालुओं से शीतकालीन यात्रा के दौरान इसके दर्शन करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने लिखा कि ओंकारेश्वर मंदिर भगवान केदारनाथ का शीतकालीन निवास और उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है।

​नवंबर 2026 में केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली ऊखीमठ पहुंच चुकी है, जहां शीतकाल में नियमित पूजा-अर्चना की जाती है। गर्मियों में केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व यहां विशेष पूजा और पंच स्नान के बाद इस डोली को पुनः केदारनाथ धाम ले जाया जाता है, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इसकी स्थापना होती है।

​सदियों पुरानी आस्था और पौराणिक मान्यता

​ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर शिवलिंग की पूजा पूरे वर्ष की जाती है और यह पंच केदारों के मुख्य पुजारियों (रावल) का शीतकालीन निवास स्थल भी है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्यवंशी राजा मानधाता ने इसी स्थान पर एक पैर पर खड़े होकर 12 वर्षों तक भगवान शिव की कठोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने ‘ओंकार’ ध्वनि के रूप में दर्शन दिए थे, जिसके कारण इस पवित्र धाम का नाम ओंकारेश्वर पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *