संविधान एवं विधि दिवस पर सीएम धामी की अभियोजन विभाग के लिए तीन बड़ी घोषणाएं, 12 विभूतियों का सम्मान और दो पुस्तकों का विमोचन
संविधान एवं विधि दिवस पर सीएम धामी की अभियोजन विभाग के लिए तीन बड़ी घोषणाएं, 12 विभूतियों का सम्मान और दो पुस्तकों का विमोचन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को पुलिस लाइन, देहरादून में संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर व संविधान सभा के सदस्यों का स्मरण करते हुए लोगों को संविधान की शपथ दिलाई, विधि रथ को हरी झंडी दिखाई और संविधान के आदर्शों को व्यवहार व कार्यशैली में उतारने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सीएम धामी ने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण व जनजागरूकता के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की जाएगी, कार्यालयों के आधुनिकीकरण हेतु कंप्यूटर व अन्य सुविधाएं दी जाएंगी तथा सभी जनपदों में अभियोजन कार्यालयों की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।
12 विभूतियों का सम्मान और न्यायिक सुधारों पर जोर
मुख्यमंत्री ने विधि, समाजसेवा, चिकित्सा, शिक्षा व अभियोजन क्षेत्र में योगदान देने वाली 12 विभूतियों—वरिष्ठ अधिवक्ता सीताराम नागलिया, एस.सी. बिरमानी व गोविन्द राम नौटियाल, समाजसेवी कुसुम कण्डवाल, चिकित्सक डॉ. गीता खन्ना व डॉ. महेश कुड़ियाल, समाजसेवी एवं शिक्षाविद् ललित जोशी और सेवानिवृत्त अभियोजक राम सिंह शर्मा, मनोहर लाल सडाना, सुभाष चन्द्र गुप्ता, त्रेपन सिंह बिष्ट व सुन्दर सिंह गुसाईं—को सम्मानित किया। साथ ही ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ एवं ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ का विमोचन किया।
धामी ने कहा कि विदुर नीति के अनुरूप सत्य, न्याय व निष्पक्षता ही व्यवस्था की प्रतिष्ठा का आधार है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता व भारतीय साक्ष्य अधिनियम लागू होने, ई-फाइलिंग, डिजिटल न्यायालयों, वर्चुअल सुनवाई व अधिवक्ताओं के कल्याण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए प्रदेश में कानून का राज और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई।

