मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कारों को दी मंजूरी, नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडेय को लाइफटाइम अचीवमेंट
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कारों को दी मंजूरी, नरेंद्र सिंह नेगी और हेमंत पांडेय को लाइफटाइम अचीवमेंट
देहरादून:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के तहत वर्ष 2024 और 2025 के लिए चयनित फिल्मों व कलाकारों को उत्तराखण्ड फिल्म पुरस्कार देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत राज्य के सिनेमा, कला और लोकसंस्कृति में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कलाकारों, निर्देशकों और तकनीशियनों को सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कारों के तहत प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को वर्ष 2024 और अभिनेता हेमंत पांडेय को वर्ष 2025 के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट सम्मान से नवाजा जाएगा। दोनों विभूतियों को 2-2 लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पत्र भेंट किया जाएगा। इसके अलावा, वर्ष 2024 की सर्वश्रेष्ठ गढ़वाली फिल्म का पुरस्कार ‘घपरोल’ को मिला है, जबकि 2025 की सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म श्रेणी में ‘मनु क्या करेगा’ और गढ़वाली श्रेणी में ‘रैबार’ का चयन किया गया है। वहीं फिल्म ‘केसरी चैप्टर-2’ के लिए अक्षय कुमार को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अनन्या पांडे को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया जाएगा।
पुरस्कार नीति के तहत सर्वश्रेष्ठ फिल्म को 2 लाख रुपये, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक को 1.50 लाख रुपये तथा अन्य प्रमुख श्रेणियों के विजेताओं को 1-1 लाख रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी। निर्माताओं व निर्देशकों को स्वर्ण ब्रह्मकमल तथा अन्य कलाकारों को रजत ब्रह्मकमल से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस पहल से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और राज्य की समृद्ध संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।

