उत्तराखंड

दो मामलों में जेल से रिहा होते ही अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पुलिस ने लिया हिरासत में, जमानत रद्द होने का भी खतरा

दो मामलों में जेल से रिहा होते ही अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पुलिस ने लिया हिरासत में, जमानत रद्द होने का भी खतरा

​हरिद्वार:

​अश्लील वीडियो और मानहानि प्रकरण समेत दो मामलों में जेल से रिहा हुईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार जेल के बाहर निकलते ही देहरादून पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया। इससे पहले गुरुवार को अदालत द्वारा जमानतियों को स्वीकार किए जाने के बाद शुक्रवार को उनकी रिहाई का परवाना हरिद्वार जेल पहुंचा था। सूत्रों के अनुसार, जेल से छूटते ही उर्मिला देहरादून में आयोजित गृहमंत्री अमित शाह के कार्यक्रम में जाने की योजना बना रही थीं, जिसकी भनक लगते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर एसओजी कार्यालय पहुंचा दिया। उर्मिला के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं।

​उर्मिला के खिलाफ देहरादून में निवासी सागर की शिकायत पर भ्रामक, अनर्गल और मानहानिकारक वीडियो प्रसारित कर चरित्र हनन करने का केस दर्ज है। वहीं, हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली पुलिस ने उन्हें 25 अक्तूबर को पूर्व विधायक की बेटी की शिकायत पर सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। शिकायत में सोशल मीडिया पर अश्लील टिप्पणियां करने, रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। इस बीच, हरिद्वार पुलिस ने भी उर्मिला की जमानत पर आपत्ति जताते हुए अदालत का रुख किया है, जिससे उनकी जमानत रद्द होकर दोबारा जेल जाने का खतरा मंडरा रहा है।

​दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर राजनीति भी गर्मा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार और अंकिता भंडारी हत्याकांड जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पुराने और अदालत से सुलझ चुके मामलों को दोबारा तूल देना बेहद अनैतिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *