धनतेरस पर शेयर बाजार में आई बड़ी तेजी, सेंसेक्स 1,718 अंक चढ़कर 81,000 के पार और निफ्टी 25,000 के पार बंद
धनतेरस पर शेयर बाजार में आई बड़ी तेजी, सेंसेक्स 1,718 अंक चढ़कर 81,000 के पार और निफ्टी 25,000 के पार बंद
मुंबई:
दीपावली से ठीक पहले धनतेरस के दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स 1,718.01 अंक (2.17%) की बढ़त के साथ 81,028.02 और निफ्टी 493.75 अंक (2.01%) की मजबूती के साथ 25,030.35 के स्तर पर बंद हुआ। यह लगातार सातवां कारोबारी सत्र था, जब भारतीय बाजार हरे निशान में बंद हुए हैं। इस तेजी के चलते बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (मार्केटकैप) 30 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 503 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।
बाजार में इस उछाल की मुख्य वजह निजी बैंक रहे, जहां निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स 3.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा। इसके अलावा फाइनेंशियल सर्विसेज, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, फार्मा और ऑटो इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स के 30 में से 29 शेयर हरे निशान में बंद हुए, जिनमें एमएंडएम, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, टाइटन और एक्सिस बैंक प्रमुख रूप से शामिल रहे। हालांकि, निफ्टी मीडिया और डिफेंस इंडेक्स में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जबकि पावरग्रिड सेंसेक्स का इकलौता गिरावट वाला शेयर रहा।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल के बावजूद भारतीय बाजारों में यह रैली जारी है, क्योंकि विदेशी निवेशक भारत को एक सुरक्षित निवेश केंद्र के रूप में देख रहे हैं। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में नरमी और भारतीय रुपये में मजबूती ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। इसके अलावा बड़े निजी बैंकों की मजबूत लिक्विडिटी और आकर्षक वैल्यूएशन ने भी इस बाजार रैली में ईंधन का काम किया।

