खेल

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के क्वालीफायर प्लेऑफ का शेड्यूल जारी, 4 दिसंबर से नेपाल में शुरू होगा टूर्नामेंट

वनडे वर्ल्ड कप 2027 के क्वालीफायर प्लेऑफ का शेड्यूल जारी, 4 दिसंबर से नेपाल में शुरू होगा टूर्नामेंट

आखिरी चार स्थानों के लिए आठ टीमें भिड़ेंगी, नेपाल का पहला मुकाबला इटली से; भारत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा अभियान का आगाज

आईसीसी ने शुक्रवार को पुष्टि की कि पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 के क्वालीफायर प्लेऑफ का आयोजन दिसंबर में नेपाल में किया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 4 दिसंबर से होगी। पहले दिन मेजबान नेपाल का मुकाबला त्रिभुवन यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड पर इटली से होगा। वहीं, मुलापानी क्रिकेट ग्राउंड पर नामीबिया और युगांडा की टीमें आमने-सामने होंगी।

इस प्रतियोगिता में नेपाल, इटली, नामीबिया और युगांडा के अलावा कनाडा, कुवैत, जर्सी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीमें भी हिस्सा लेंगी। ये आठ टीमें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के क्वालीफायर में उपलब्ध आखिरी चार स्थानों के लिए मुकाबला करेंगी।

आयरलैंड और वेस्टइंडीज पहले से क्वालीफायर में शामिल

10 टीमों वाले ग्लोबल क्वालीफायर में आयरलैंड और वेस्टइंडीज को पहले ही जगह मिल चुकी है। ये दोनों टीमें सीधे वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने वाली आठ टीमों के बाहर सबसे ऊंची रैंकिंग वाली टीमें हैं। इसमें पूर्ण सदस्य देशों के साथ मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे शामिल नहीं हैं।

आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप लीग-2 के जरिए अमेरिका, स्कॉटलैंड, नीदरलैंड और ओमान ने भी क्वालीफायर में अपनी जगह पक्की की है।

ग्लोबल क्वालीफायर जीतने वाली टीम सीधे 2027 वनडे वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में पहुंच जाएगी। वहीं, दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें ‘सुपर सीरीज’ में प्रवेश करेंगी।

दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे मेजबानी

आईसीसी पुरुष क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 की संयुक्त मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया करेंगे। 50 ओवर के इस टूर्नामेंट का आयोजन 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक प्रस्तावित है।

आईसीसी के मुताबिक, वर्ल्ड कप के टिकटों के लिए अब तक जबरदस्त मांग देखने को मिली है। आईसीसी ने अपने बयान में बताया कि टिकटों के लिए कुल 1 करोड़ 50 लाख 83 हजार 752 आवेदन मिले हैं। इसके लिए 142 देशों के प्रशंसकों ने 44 लाख 23 हजार 417 पंजीकरण कराए हैं।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा कि टिकटों की भारी मांग क्रिकेट वर्ल्ड कप की लोकप्रियता और प्रतिष्ठा को दर्शाती है। इसके साथ ही पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका का आकर्षण और टूर्नामेंट से पहले आईसीसी तथा उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों ने भी प्रशंसकों में उत्सुकता बढ़ाई है।

वर्ल्ड कप 2027 में भारत का शेड्यूल

शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी।

भारत का दूसरा मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में पाकिस्तान से होगा। इसके बाद टीम इंडिया 14 अक्टूबर को सेंचुरियन (प्रिटोरिया, जिसे अब त्शवाने के नाम से जाना जाता है) में क्वालीफायर से आई किसी एक टीम के खिलाफ खेलेगी।

भारतीय टीम 24 अक्टूबर को नवनिर्मित विक्टोरिया फॉल्स स्टेडियम में सह-मेजबान जिम्बाब्वे से भिड़ेगी।

17 और 18 नवंबर को सेमीफाइनल, 21 को फाइनल

वर्ल्ड कप के दोनों सेमीफाइनल मुकाबले क्रमशः 17 और 18 नवंबर को खेले जाएंगे। पहला सेमीफाइनल केपटाउन और दूसरा सेंचुरियन में होगा। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 21 नवंबर को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *