कराची के पास लश्कर आतंकियों को समुद्र में मिल रही ट्रेनिंग, भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
कराची के पास लश्कर आतंकियों को समुद्र में मिल रही ट्रेनिंग, भारतीय सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकियों को समुद्र के रास्ते हमले की साजिश के तहत कराची के पास खास ट्रेनिंग दिए जाने की बात सामने आई है। खुफिया जानकारी के मुताबिक, कराची से महज 50 किलोमीटर दूर स्थित चारना आइलैंड पर आतंकियों को स्कूबा डाइविंग और गुप्त समुद्री अभियानों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। आम पर्यटकों के बीच इस ट्रेनिंग को छिपाने की कोशिश की जा रही है। लश्कर का यह दस्ता ‘दावा मरीन विंग’ या ‘सदा-ए-हुर्रियत’ से जुड़ा बताया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण का संचालन लश्कर के प्रॉक्सी संगठन ‘मरकजी मुस्लिम लीग’ के सदस्यों द्वारा किया जा रहा है। 26/11 हमलों के बाद से लश्कर अपनी समुद्री क्षमताओं को लगातार बढ़ाने में जुटा हुआ है। इससे पहले पीओके स्थित मंगला डैम में लश्कर के ट्रेनिंग सेंटर को भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत तबाह कर दिया था, जिसके बाद से पाकिस्तान नए गुप्त ठिकानों का इस्तेमाल कर रहा है।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए हैं और किसी भी तटीय खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं। दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस शाखा (CIK) ने शुक्रवार को श्रीनगर, पुलवामा, अनंतनाग और सोपोर समेत 10 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई युवाओं को सोशल मीडिया के जरिए कट्टरपंथी बनाने और आतंकी नेटवर्क में भर्ती करने वाले मॉड्यूल को खत्म करने के उद्देश्य से की गई है।

