200 करोड़ की ठगी मामला: दिल्ली कोर्ट में दर्ज हुआ नोरा फतेही का बयान, सुनाया चेन्नई इवेंट का पूरा किस्सा
200 करोड़ की ठगी मामला: दिल्ली कोर्ट में दर्ज हुआ नोरा फतेही का बयान, सुनाया चेन्नई इवेंट का पूरा किस्सा
नई दिल्ली:
महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के कथित रंगदारी और ठगी मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही ने शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया। कोर्ट के समक्ष पेश होकर नोरा ने दिसंबर 2020 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम का पूरा विवरण साझा किया। उन्होंने बताया कि वह अपनी टीम के साथ चीफ गेस्ट के रूप में एक डांस प्रतियोगिता को जज करने चेन्नई गई थीं, जहां उनकी मुलाकात सुकेश की पत्नी लीना पॉलोज से हुई थी।
नोरा ने बयान में बताया कि लीना पॉलोज कुछ वीडियोग्राफर और गिफ्ट्स के साथ उनके कमरे में आई थीं और खुद को एक नेल सैलून की मालकिन बताया था। बातचीत के दौरान लीना ने अपने पति सुकेश चंद्रशेखर को फोन लगाकर स्पीकर पर बात कराई, जिसने खुद को नोरा का बड़ा प्रशंसक बताते हुए धन्यवाद दिया। इसी दौरान लीना और सुकेश ने नोरा को एक कार गिफ्ट करने की पेशकश की थी। नोरा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें दिव्यांग बच्चों के माता-पिता को बांटने के लिए कुछ लिफाफे भी दिए गए थे। मामले में नोरा का बयान अभी पूरा नहीं हुआ है और कोर्ट 30 नवंबर को अगली सुनवाई में उनका आगे का बयान दर्ज करेगा।

