केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने छह बच्चों को दिया ‘मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम पुष्कर सिंह धामी ने छह बच्चों को दिया ‘मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार’
देहरादून:
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में विभिन्न आपदाओं व विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस दिखाने वाले प्रदेश के छह बच्चों को ‘प्रथम मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार’ से सम्मानित किया। इन सभी बच्चों को पदक, प्रशस्ति पत्र और डीबीटी के माध्यम से 51-51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।
महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए शुरू किए गए इस पुरस्कार के तहत चमोली के तीन, तथा चम्पावत, देहरादून और टिहरी गढ़वाल के एक-एक बच्चे का चयन किया गया है। चमोली की दिव्या, दीपिका और आरव सिंह को स्कूल परिसर में भालू के हमले के दौरान दिखाए गए गजब के साहस और सूझबूझ के लिए यह सम्मान मिला है। इसके अलावा चम्पावत की माया को नदी के तेज बहाव से एक बालिका की जान बचाने, देहरादून की आराध्या को बादल फटने के दौरान 17 लोगों की जान बचाने तथा टिहरी गढ़वाल की श्वेता को सड़क पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ रहे एक बुजुर्ग को सुरक्षित बचाने के लिए सम्मानित किया गया है।

