केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देहरादून में किया 1475 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देहरादून में किया 1475 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
देहरादून:
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित उत्तराखंड राज्योत्सव कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के विकास से जुड़ी 1475 करोड़ रुपये की 62 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को लाइफ टाइम अचीवमेंट पुरस्कार, उत्तराखंड गौरव सम्मान और मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ की यात्रा का पहला पड़ाव उत्तराखंड ही बनने जा रहा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि अटल जी ने राज्य का निर्माण किया था, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 की तुलना में राज्य की जीएसडीपी में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
गृह मंत्री ने उत्तराखंड सरकार की कई प्रमुख पहलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य ने देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू किया है और इस तर्ज पर देश के 15 अन्य राज्य भी आगे बढ़ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून की भी सराहना की, जिसके चलते युवाओं को पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, चारधाम ऑलवेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन जैसी परियोजनाओं को राज्य की विकास गाथा का अहम हिस्सा बताया।

