उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर बर्फबारी में फंसे ट्रेकर्स का रेस्क्यू, 7 शव बरामद, एक की तलाश जारी
उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर बर्फबारी में फंसे ट्रेकर्स का रेस्क्यू, 7 शव बरामद, एक की तलाश जारी
उत्तरकाशी:
उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित केदारताल ट्रैक क्षेत्र में भारी हिमपात और खराब मौसम के कारण लापता हुए ट्रेकर्स और उनके सपोर्टिंग स्टाफ की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) और एनआईएम (NIM) की संयुक्त टीम का सघन रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। शुक्रवार, 6 नवंबर को सैटेलाइट फोन से मिली जानकारी के आधार पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान हिमस्खलन में दबे तीन और पुरुषों के शव बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही इस हादसे में अब तक कुल सात शव निकाले जा चुके हैं।
इससे पहले चलाए गए रेस्क्यू अभियान में दो पुरुषों और दो महिलाओं समेत चार शव बरामद किए गए थे। आज तीन और शव मिलने के बाद बरामद शवों की संख्या बढ़कर सात (पांच पुरुष और दो महिलाएं) हो गई है। संयुक्त टीम ने सभी शवों को बर्फ से निकालकर पहले बेस कैंप पहुंचाया, जहां से हेलीकॉप्टर की मदद से उन्हें मातली हेलीपैड होते हुए जिला अस्पताल उत्तरकाशी भेजा गया है।
केदारताल ट्रैक पर लापता हुए कुल आठ व्यक्तियों में से सात के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक अंतिम लापता व्यक्ति की तलाश अभी भी जारी है। बेहद दुर्गम हिमालयी क्षेत्र, भारी बर्फबारी और माइनस तापमान जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ और एनआईएम की टीमें बेहतर समन्वय के साथ अंतिम लापता व्यक्ति की खोज में जुटी हुई हैं।

