खेल

Women’s Asia Cup 2026: बांग्लादेश को 40 रन से रौंदकर भारत फाइनल में, शेफाली वर्मा बनीं ‘प्लेयर ऑफ द मैच’

Women’s Asia Cup 2026: बांग्लादेश को 40 रन से रौंदकर भारत फाइनल में, शेफाली वर्मा बनीं ‘प्लेयर ऑफ द मैच’

​भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गुरुवार को विमेंस एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 40 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेशी टीम निर्धारित ओवरों में 7 विकेट गंवाकर सिर्फ 109 रन ही बना सकी।

​टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और महज 9 रन के स्कोर पर स्मृति मंधाना (2) आउट हो गईं। इसके बाद प्रतिका रावल (20) ने शेफाली वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 50 रन जोड़कर पारी को संभाला। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ शेफाली वर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 64 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 24 और ऋचा घोष ने 21 रन का योगदान दिया। बांग्लादेश की ओर से सुल्ताना खातून ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए।

​150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत धीमी रही। दिलारा अख्तर (26) और जुवैरिया फिरदौस (14) ने पहले विकेट के लिए 26 रन जोड़े। शोभना मोस्तरी (18) और कप्तान निगार सुल्ताना (19) ने तीसरे विकेट के लिए 31 रन की साझेदारी की, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई। फहिमा खातून ने 14 रन बनाए। अंत में नंदिनी शर्मा ने लगातार गेंदों पर दो विकेट लेकर बांग्लादेश को 109/7 के स्कोर पर रोक दिया।

​भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 26 रन देकर 3 विकेट झटके। नंदिनी शर्मा ने 2 विकेट लिए, जबकि श्री चरणी और प्रेमा रावत को 1-1 सफलता मिली।

​अब फाइनल मुकाबला 13 सितंबर को खेला जाएगा, जिसमें भारत का सामना पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *