अभिनेत्री और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती ने सिद्धार्थ दत्त के साथ रचाई शादी, निजी समारोह में हुआ विवाह पंजीकरण; ‘तांडव’ सीरीज में भी आएंगी नजर
अभिनेत्री और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती ने सिद्धार्थ दत्त के साथ रचाई शादी, निजी समारोह में हुआ विवाह पंजीकरण; ‘तांडव’ सीरीज में भी आएंगी नजर
कोलकाता। बंगाली सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती ने 26 नवंबर को कोलकाता में सिद्धार्थ दत्त के साथ विवाह कर लिया है। परिवार के सदस्यों और करीबी मित्रों की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह को बेहद निजी रखा गया था। मिमी ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर अपनी शादी की पुष्टि की, जिनमें दोनों शादी की अंगूठियां दिखाते और एक-दूसरे को गले लगाते नजर आ रहे हैं, हालांकि पोस्ट में सिद्धार्थ का चेहरा पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मिमी के कोलकाता स्थित आवास पर सगाई और शादी की रस्में पूरी हुईं तथा जोड़े ने कानूनी रूप से विवाह का पंजीकरण भी कराया। इस अवसर पर दोनों ने सफेद और सुनहरे रंग के पारंपरिक परिधान पहने थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिद्धार्थ दत्त मर्चेंट नेवी में अधिकारी हैं। मिमी की इस नई शुरुआत पर प्रशंसकों और फिल्म जगत के लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई दी है।
जी5 बांग्ला की सीरीज ‘तांडव’ में दिखेंगी मिमी
निजी जीवन के इस नए अध्याय के साथ मिमी अपने अभिनय करियर में भी सक्रिय हैं। वह जल्द ही राज चक्रवर्ती के निर्देशन में बनी जी5 बांग्ला की ओरिजिनल सीरीज ‘तांडव’ में दिखाई देंगी, जिसमें उनके साथ गौरव चक्रवर्ती भी प्रमुख भूमिका में हैं। इससे पहले दोनों लोकप्रिय बंगाली धारावाहिक ‘गानेर ओपारे’ में साथ काम कर चुके हैं।

