अन्तर्राष्ट्रीय

होर्मुज पर ईरान का फिर दावा, कहा- होर्मुज स्ट्रेट पर हमारा पूरा नियंत्रण

होर्मुज पर ईरान का फिर दावा, कहा- होर्मुज स्ट्रेट पर हमारा पूरा नियंत्रण

होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। ईरानी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ रियर एडमिरल हबीबोल्लाह सय्यारी ने दावा किया है कि जलडमरूमध्य पर ईरान का नियंत्रण है और बाहरी बयानों से इसकी स्थिति पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

सय्यारी के मुताबिक, ईरानी नौसेना ओमान सागर के उत्तरी हिस्से और होर्मुज के पूर्वी हिस्से में जिम्मेदारी संभालती है, जबकि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना होर्मुज के पश्चिमी हिस्से, जलडमरूमध्य और फारस की खाड़ी में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि ईरान अपनी जिम्मेदारी वाले क्षेत्रों में किसी भी जहाज की आवाजाही को नियंत्रित करता है।

यह बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव जारी है। ईरान ने अमेरिका द्वारा सैन्य दबाव कम करने और ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी हटाने की स्थिति में सात दिनों के भीतर जलडमरूमध्य खोलने का प्रस्ताव दिया था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। हालांकि, ट्रंप ने आने वाले दिनों में बातचीत की संभावना जताई है। दूसरी ओर, ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, न्यूयॉर्क में मौजूद ईरानी प्रतिनिधिमंडल की फिलहाल अमेरिका के साथ नई बातचीत की योजना नहीं है। वहीं, रॉयटर्स के अनुसार मध्यस्थों की ओर से दोनों पक्षों के बीच अलग-अलग बातचीत कराने के प्रयास जारी हैं।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। यहां जारी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर भी पड़ा है। 28 सितंबर को ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 106 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *