हरिद्वार में प्रेम प्रसंग की पंचायत के दौरान बवाल, समाज कल्याण अधिकारी पर चाकू से हमला
हरिद्वार में प्रेम प्रसंग की पंचायत के दौरान बवाल, समाज कल्याण अधिकारी पर चाकू से हमला
हरिद्वार। पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में प्रेम प्रसंग और शादी के मामले को लेकर बुलाई गई पंचायत में जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद एक सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में अधिकारी की गर्दन और दाएं कंधे पर गंभीर चोटें आईं, जिससे पंचायत में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, शिवगढ़ निवासी कमलेश पौड़ी के जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। बताया जा रहा है कि उनके परिवार के एक युवक ने गांव की ही युवती से प्रेम विवाह कर लिया है और इस जोड़े को हाईकोर्ट से सुरक्षा भी मिली हुई है। इसी मामले को लेकर युवती पक्ष ने गांव में पंचायत बुलाई थी, जिसमें कमलेश भी शामिल हुए थे।
पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि घायल अधिकारी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

