उत्तराखंड को केंद्र की बड़ी सौगात: गंगोत्री ऑल वेदर रोड समेत कई हाईवे प्रोजेक्ट्स को मिली रफ्तार
उत्तराखंड को केंद्र की बड़ी सौगात: गंगोत्री ऑल वेदर रोड समेत कई हाईवे प्रोजेक्ट्स को मिली रफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड में सड़क संपर्क को और मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने कई बड़ी सड़क परियोजनाओं की स्थिति साफ कर दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर राज्य के प्रमुख हाईवे प्रोजेक्ट्स की प्रगति और मंजूरी की समयसीमा की जानकारी दी है। दरअसल, सीएम धामी ने पत्र लिखकर राज्य की लंबित सड़क योजनाओं को जल्द आगे बढ़ाने का अनुरोध किया था।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उत्तरकाशी से गंगोत्री तक प्रस्तावित 100 किलोमीटर की ऑल वेदर रोड परियोजना के 14 किलोमीटर हिस्से को मंजूरी मिल चुकी है, जबकि बाकी 86 किलोमीटर के काम को वर्ष 2027-28 में स्वीकृति देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने से चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की राह बेहद आसान हो जाएगी। इसके साथ ही, सीमांत इलाकों को जोड़ने वाली टनकपुर-जौलजीबी सड़क के 183 किलोमीटर हिस्से को दो लेन में चौड़ा करने का काम भी पूरा हो चुका है।
पहाड़ी क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए चंपावत, लोहाघाट और पिथौरागढ़ में बाईपास निर्माण के साथ-साथ जौलजीबी से बागेश्वर तक सड़क चौड़ीकरण की डीपीआर को भी 2027-28 में मंजूरी देने का लक्ष्य है। वहीं, बागेश्वर से कर्णप्रयाग तक सड़क को दो लेन करने के लिए अगले साल तक डीपीआर तैयार कर ली जाएगी।
सिमली में पूर्ण बेस अस्पताल के लिए बनी कमेटी
दूसरी तरफ, स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने चमोली के सिमली महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल में बदलने की कवायद शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद जिले के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है, जिसमें कर्णप्रयाग व थराली के विधायक, स्वास्थ्य सचिव और स्थानीय प्रतिनिधि शामिल हैं। यह कमेटी सभी पहलुओं की जांच कर 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।

