धर्मपुर सीट पर टिकट को लेकर कांग्रेस में बढ़ी हलचल, स्थानीय नेताओं ने बाहरी प्रत्याशी का किया विरोध
धर्मपुर सीट पर टिकट को लेकर कांग्रेस में बढ़ी हलचल, स्थानीय नेताओं ने बाहरी प्रत्याशी का किया विरोध
देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच देहरादून की धर्मपुर सीट पर कांग्रेस के अंदर टिकट को लेकर खींचतान शुरू हो गई है। क्षेत्र के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी हाईकमान से मांग की है कि इस बार किसी बाहरी चेहरे के बजाय विधानसभा क्षेत्र के ही किसी अनुभवी और पुराने कार्यकर्ता को टिकट दिया जाए।
मंगलवार को हुई एक बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, पूर्व पार्षद हरि प्रसाद भट्ट और रमेश कुमार मंगू ने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं ने ही वर्षों से पार्टी को मजबूत किया है। 2024 में पूर्व विधायक और मंत्री के पार्टी छोड़ने के बावजूद क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा, इसलिए अब उन्हीं पर भरोसा जताया जाना चाहिए। प्रदेश महासचिव याकूब सिद्दीकी, पीसीसी सदस्य सुरेंद्र सिंह राणा, प्रदेश सचिव ओमप्रकाश सती बब्बन और संदीप चमोली ने भी दोहराया कि पार्टी की जीत का आधार स्थानीय कार्यकर्ता ही हैं, इसलिए टिकट पर पहला हक उन्हीं का होना चाहिए।
दूसरी ओर, कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मंगलवार को धर्मपुर क्षेत्र में पार्टी के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की और कहा कि चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक मेहनत से जीता जाता है।
प्रीतम सिंह ने महिला अपराध, कथित भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी जनता के बीच जाकर स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। कार्यक्रम के दौरान आसिफ हुसैन, आफताब, देवेश, विनोद, उमेश सिंह, विलियम, जयपाल जस्टिन, प्रकाश मणि, महताब राव और सुहैब खान सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ली।

