चीन ने लॉन्च किया ‘शेनझोउ-24’ मिशन, अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी बने जीशान अली
चीन ने लॉन्च किया ‘शेनझोउ-24’ मिशन, अंतरिक्ष में पहुंचने वाले पहले पाकिस्तानी बने जीशान अली
बीजिंग। चीन ने बुधवार सुबह अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक नया इतिहास रचते हुए ‘शेनझोउ-24’ मानव अंतरिक्ष मिशन को सफलतापूर्वक लॉन्च किया है। उत्तर-पश्चिमी गोबी रेगिस्तान स्थित जियुकुआन सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए भेजे गए इस मिशन की सबसे खास बात यह है कि इसमें पहली बार किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को शामिल किया गया है। इस यान में दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों—तांग होंगबो और वू यी—के साथ पाकिस्तानी वायुसेना के पायलट मुहम्मद जीशान अली भी सवार हैं।
40 वर्षीय जीशान अली इस उड़ान के साथ ही पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने वाले पाकिस्तान के पहले नागरिक बन गए हैं। मिशन में ‘पेलोड स्पेशलिस्ट’ की भूमिका निभा रहे जीशान करीब 5 से 10 दिनों तक चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर रहेंगे और बाद में शेनझोउ-23 यान से धरती पर लौटेंगे। लॉन्च से पहले उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि उनके कंधों पर पूरे पाकिस्तान का नाम है।
सात महीने की ट्रेनिंग और 90 से ज्यादा वैज्ञानिक प्रयोग
इस ऐतिहासिक सफर के लिए जीशान अली ने बीजिंग में सात महीने की कड़ी ट्रेनिंग ली। तकनीकी प्रशिक्षण के साथ-साथ उन्होंने चीनी भाषा, कविता, गीत और सुलेख (कैलिग्राफी) भी सीखा ताकि वह वहां की संस्कृति से घुल-मिल सकें। स्पेस स्टेशन पर चालक दल 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। जीशान मुख्य रूप से भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों में भोजन और ऑक्सीजन के स्रोत के रूप में माइक्रोएल्गी (सूक्ष्म शैवाल), साइनोबैक्टीरिया और क्विनोआ बीजों पर अंतरिक्ष के प्रभाव का अध्ययन करेंगे।
दरअसल, 2030 तक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के रिटायर होने की संभावनाओं के बीच चीन अपने तियांगोंग स्टेशन को वैश्विक सहयोग के नए केंद्र के रूप में तैयार कर रहा है। इसके साथ ही चीन 2030 से पहले चंद्रमा पर इंसान भेजने के लक्ष्य के साथ अमेरिका के आर्टेमिस मिशन को कड़ी टक्कर दे रहा है।

