भारत-चीन समेत 16 देशों पर नए अमेरिकी टैरिफ की तैयारी, व्यापार समझौते पर पेंच
भारत-चीन समेत 16 देशों पर नए अमेरिकी टैरिफ की तैयारी, व्यापार समझौते पर पेंच
नई दिल्ली। अमेरिका जल्द ही भारत, चीन, यूरोपीय संघ समेत 16 प्रमुख व्यापारिक साझेदारों पर नए आयात शुल्क (टैरिफ) लगाने की तैयारी कर रहा है। ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) जेमिसन ग्रीर इस हफ्ते 1974 के व्यापार कानून की धारा 301 के तहत हुई जांच के नतीजे जारी कर सकते हैं। ट्रंप प्रशासन का आरोप है कि सरकारी सब्सिडी और मदद से इन देशों में जरूरत से ज्यादा औद्योगिक क्षमता बढ़ी है, जिससे सस्ता सामान वैश्विक बाजार में आकर अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा रहा है।
नए शुल्क मौजूदा टैरिफ के ऊपर लग सकते हैं, हालांकि अंतिम दरें अभी तय नहीं हैं और स्टील, एल्युमीनियम व ऑटोमोबाइल जैसे सामान अलग नियमों के दायरे में रहेंगे। इससे पहले फरवरी 2026 में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के शुरुआती आपातकालीन टैरिफ रद्द कर दिए थे, जिसके बाद जुलाई में जबरन श्रम की जांच के आधार पर कई देशों पर 10 से 12.5 प्रतिशत शुल्क लगाया गया था।
व्यापार समझौते पर भारत का रुख
इस बीच, भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत चल रही है। भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसे बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले कम टैरिफ मिले। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि जब तक अमेरिका के नए टैरिफ ढांचे और धारा 301 की जांच को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो जाती, तब तक व्यापार समझौते पर अंतिम मुहर नहीं लगेगी।

